बीकानेर की डॉक्टर अर्पिता गुप्ता को राजस्थान में मिली ये बड़ी जिम्मेदारी!
RNE Bikaner.
महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सक्रिय बीकानेर की डॉ. अर्पिता गुप्ता को एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। महिला सुरक्षा फाउंडेशन ऑफ इंडिया ने उन्हें राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष के पद पर मनोनीत किया है। यह नियुक्ति फाउंडेशन के राष्ट्रीय चेयरमैन डॉ. किशन गोयल द्वारा उनके सामाजिक कार्यों और अनुभव को देखते हुए की गई है।
सामाजिक कार्यों में सक्रिय डॉ. अर्पिता
डॉ. अर्पिता गुप्ता पिछले कई वर्षों से समाज के वंचित वर्ग के बीच सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। वे ग्रामीण और शहरी कच्ची बस्तियों के बच्चों को नि:शुल्क कोचिंग देने, शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने और जरूरतमंद परिवारों को दैनिक उपयोग की वस्तुएं वितरित करने जैसे कार्यों से जुड़ी रही हैं। इसके साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हस्तकौशल प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर रही हैं।
स्वास्थ्य और सुरक्षा के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। वे नियमित रूप से महिला एवं बच्चों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, आत्मरक्षा प्रशिक्षण और जागरूकता अभियान चलाती रही हैं।
अध्यक्ष गोयल ने जताया विश्वास
फाउंडेशन के राष्ट्रीय चेयरमैन डॉ. किशन गोयल ने विश्वास जताया कि डॉ. गुप्ता के नेतृत्व में राजस्थान में महिला सुरक्षा और जागरूकता अभियानों को नई दिशा मिलेगी।
नई जिम्मेदारी पर यह बोली डॉ. गुप्ता
अपनी नियुक्ति पर डॉ. अर्पिता गुप्ता ने कहा कि यह केवल एक पद नहीं, बल्कि प्रदेश की हर महिला की आवाज बनने का दायित्व है। उन्होंने संगठन के उद्देश्यों को जमीनी स्तर पर लागू करने और महिलाओं को सशक्त व सुरक्षित बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

