BJP Bikaner : राधामोहन दास अग्रवाल का दौरा स्थगित, अब ओंकार सिंह लखावत आपातकाल स्मृति बैठक को संबोधित करेंगे
RNE Bikaner.
भारतीय जनता पार्टी की ओर से 25 जून को आयोजित होने वाली संभाग स्तरीय आपातकाल स्मृति बैठक में अंतिम समय में बदलाव किया गया है। पहले भाजपा के राजस्थान प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल के बीकानेर आकर कार्यक्रम को संबोधित करने का कार्यक्रम था, लेकिन उनका दौरा स्थगित हो गया है। अब उनकी जगह राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता ओंकार सिंह लखावत मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे।
भाजपा संभाग कार्यालय में गुरुवार सुबह 11 बजे आयोजित होने वाली इस बैठक में आपातकाल के दौर को याद करते हुए लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया जाएगा।
लोकतंत्र सेनानियों को किया जाएगा याद :
भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने बताया कि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रही है। आपातकाल स्मृति बैठक का उद्देश्य लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों के योगदान को याद करना और नई पीढ़ी को संविधान तथा राष्ट्रहित के प्रति जागरूक करना है।
वहीं भाजपा शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का एक काला अध्याय था, जब देशवासियों के मौलिक अधिकारों का हनन हुआ था। उस दौर में लोकतंत्र सेनानियों ने साहसपूर्वक संघर्ष कर लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा की थी। उनकी संघर्षगाथा आज भी प्रेरणा का स्रोत है।
बड़ी संख्या में जुटेंगे कार्यकर्ता :
जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बैठक में मीसाबंदी लोकतंत्र सेनानी, जिला पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति सदस्य, मोर्चा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे।
पहले यह था कार्यक्रम :
गौरतलब है कि भाजपा संगठन की ओर से पहले जारी कार्यक्रम के अनुसार राजस्थान प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल को 25 जून को दिल्ली से बीकानेर पहुंचकर संभाग स्तरीय आपातकाल दिवस कार्यक्रम को संबोधित करना था। उनके प्रवास को लेकर तैयारियां भी की गई थीं, लेकिन अब उनका कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। इसके बाद पार्टी ने ओंकार सिंह लखावत को मुख्य वक्ता के रूप में बीकानेर भेजने का निर्णय लिया है।

