भाजपा नेताओं ने प्रमुख शासन सचिव देथा के सामने रखा आधुनिकीकरण का प्रस्ताव
RNE Bikaner.
बीकानेर रोडवेज बस स्टैंड को रेलवे स्टेशन की तर्ज पर आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। इसी को लेकर शुक्रवार को भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया के नेतृत्व में भाजपा नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने सर्किट हाउस में प्रमुख शासन सचिव एवं राजस्थान रोडवेज चेयरमैन भवानी सिंह देथा से मुलाकात कर बस स्टैंड के सौंदर्यीकरण और विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों की सुरक्षा, स्वच्छता व्यवस्था, प्रतीक्षालय, पेयजल, पार्किंग और अन्य सुविधाओं के विस्तार का मुद्दा उठाते हुए इसे आधुनिक स्वरूप देने का प्रस्ताव रखा। भाजपा नेताओं ने कहा कि बीकानेर बस स्टैंड पर प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है, लेकिन वर्तमान सुविधाएं यात्रियों की जरूरतों के अनुरूप नहीं हैं।
भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने कहा कि बस स्टैंड का विकास रेलवे स्टेशन की तर्ज पर किया जाए ताकि यात्रियों को बेहतर और व्यवस्थित सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि आधुनिक बस स्टैंड बनने से न केवल आमजन को राहत मिलेगी बल्कि शहर की छवि भी सुदृढ़ होगी।
प्रमुख शासन सचिव एवं रोडवेज चेयरमैन भवानी सिंह देथा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रस्तुत सुझावों पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
मुलाकात के दौरान जिला महामंत्री दिलीप सिंह राजपुरोहित, ओबीसी मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष महावीर सिंह चारण तथा आईटी जिला संयोजक सुरेंद्र स्वामी भी मौजूद रहे।

