BKESL : 38 पेड़, 34 खंबे गिरे, 4710 शिकायतें, 25 अफसरों के साथ 50 टीमें तैनात,आज शाम तक सब दुरूस्त होंगे
RNE Bikaner.
बीते दो दिनों में आए तेज आंधी-तूफान ने बीकानेर शहर की बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। कई इलाकों में बिजली के खंभे धराशायी हो गए, जबकि दर्जनों पेड़ विद्युत लाइनों पर गिरने से आपूर्ति बाधित हो गई। हालात को संभालने के लिए बीकानेर इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई लिमिटेड (BKESL) की टीमें लगातार राहत और मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं।

बीकेईएसएल के अनुसार तूफान के कारण शहरभर में 38 पेड़ बिजली लाइनों पर गिरे और 34 बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गए। इसके चलते हजारों उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की समस्या का सामना करना पड़ा।

4710 शिकायतें, 4100 का समाधान :
BKESL के प्रवक्ता के मुताबिक तूफान के बाद बिजली कटौती और तकनीकी खराबियों को लेकर उपभोक्ताओं की ओर से कुल 4710 शिकायतें दर्ज कराई गईं। इनमें से बीती शाम तक 4100 शिकायतों का समाधान कर दिया गया है, जबकि शेष 610 शिकायतों का निस्तारण शुक्रवार शाम तक हो जाएगा।

25 अधिकारियों की निगरानी में 50 टीमें मैदान में :
बिजली व्यवस्था को जल्द सामान्य बनाने के लिए 25 अधिकारियों की अगुवाई में 50 विशेष टीमें लगातार काम कर रही हैं। विभाग का कहना है कि युद्धस्तर पर किए गए प्रयासों से अब तक 90 प्रतिशत क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।

इन क्षेत्रों में गिरे पेड़ :
तूफान के दौरान तीर्थम सर्किल, राव स्कूल, संगम पार्क, चोपड़ा कटला, अग्रवाल स्कूल, श्याम पैलेस, सेक्टर-6 जेएनवी, करणी नगर पशु चिकित्सालय, बापू कॉलोनी, बीकानेर नर्सिंग होम क्षेत्र, हेमू सर्किल, मेडिकल सर्किल, स्टार ट्रैक स्कूल, सगुन पैलेस और मुख्य बाजार सहित कई स्थानों पर पेड़ विद्युत लाइनों पर गिर गए।

यहां क्षतिग्रस्त हुए बिजली पोल :
कोचरों का मोहल्ला, बीकानेर नर्सिंग होम के पीछे, घडसीसर हनुमान मंदिर, एसडब्ल्यूएम कॉलोनी, पशु चिकित्सालय, एफसीआई गोदाम, शिव मंदिर क्षेत्र, सेक्टर-6 जेएनवी, आरसीपी स्थित एसबीआई बैंक के पीछे, एलआईसी के पास हनुमान मंदिर, जेड पार्क डीटीआर, सिविल क्वार्टर्स चेतक क्षेत्र तथा प्रेमासर पुलिया-उदासर इलाके में बिजली पोल गिरने की घटनाएं सामने आईं।


