BKESL : कचरे में आग से जल रहे ट्रांसफार्मर, यहां कचरा ना डाले
May 13, 2026, 18:21 IST
RNE Bikaner.
बीकानेर शहर में भीषण गर्मी के बीच ट्रांसफार्मरों के पास जमा कचरा अब बिजली व्यवस्था के लिए बड़ा खतरा बनता जा रहा है। कचरे के ढेरों में लगने वाली आग ट्रांसफार्मरों तक पहुंच रही है, जिससे ट्रांसफार्मर जलने और कई इलाकों में बिजली गुल होने की घटनाएं बढ़ रही हैं।

BKESL ने शहरवासियों से अपील की है कि वे ट्रांसफार्मरों के आसपास कचरा डालना तुरंत बंद करें। कम्पनी के प्रवक्ता के अनुसार कई स्थानों पर लोग ट्रांसफार्मर के पास ही घरेलू कचरा फेंक देते हैं। तेज गर्मी और सूखे मौसम के कारण कचरे में अचानक आग लग जाती है, जो धीरे-धीरे ट्रांसफार्मर तक पहुंच जाती है।

प्रवक्ता ने बताया कि ट्रांसफार्मरों में ऑयल तथा तारों में रबर और प्लास्टिक सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती है। इससे ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो जाते हैं और संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है।
कम्पनी ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि ट्रांसफार्मरों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखें और कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, ताकि आगजनी और बिजली बाधित होने जैसी समस्याओं से बचा जा सके।

