RudraNewsExpress_Logo

BKESL का करंट से सुरक्षा अभियान : 40 नए ट्रांसफारमर पर फेंसिंग पूरी; 3 हजार लोहे के पोल किए सुरक्षित

 

Rudra News Express Bikaner.

बीकानेर शहर में बेहतर और सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बीकानेर इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई लिमिटेड (बीकेईएसएल) ने विद्युत तंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में कई कदम उठाए हैं। करंट लगने की संभावित घटनाओं को रोकने के लिए ट्रांसफारमर के चारों ओर फेंसिंग लगाने के साथ लोहे के बिजली पोल को विशेष पाइप लगाकर सुरक्षित किया जा रहा है। वहीं, उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पब्लिक पार्क में कस्टमर केयर सेंटर भी शुरू किया गया है।

p

40 ट्रांसफारमर पर नई फेंसिंग, 60 और लगाने की तैयारी :

बीकेईएसएल के सीओओ हरीश चन्द्र सिंह ने बताया कि शहर में ट्रांसफारमर के चारों ओर आकर्षक प्रीकास्ट फेंसिंग लगाने का काम तेजी से चल रहा है। अब तक 40 ट्रांसफारमर पर नई फेंसिंग लगाई जा चुकी है, जबकि करीब 60 और ट्रांसफारमर पर फेंसिंग लगाने का लक्ष्य है।

इसके साथ ही पुरानी और क्षतिग्रस्त फेंसिंग की मरम्मत भी कराई जा रही है। करीब 100 ट्रांसफारमर की पुरानी फेंसिंग को दुरुस्त किया जाना है। इनमें से 27 की मरम्मत पूरी हो चुकी है।

p

3 हजार लोहे के पोल किए सुरक्षित :

शहर में लोहे के बिजली पोल से करंट लगने के खतरे को देखते हुए बीकेईएसएल विशेष रूप से तैयार पाइप लगाकर पोल को सुरक्षित कर रही है। सीओओ के अनुसार इस साल करीब 500 लोहे के पोल पर विशेष पाइप लगाए गए हैं। अब तक करीब 3 हजार पोल को सुरक्षित किया जा चुका है।

बारिश में पोल की हो रही जांच :

बरसात के दौरान पाइप लगाए गए बिजली पोल की विशेष जांच की जा रही है। जांच के बाद पोल को और प्रभावी तरीके से सुरक्षित करने के लिए आईआईटी जोधपुर के विशेषज्ञों के साथ चर्चा की जाएगी। कंपनी का उद्देश्य बिजली के पोल से करंट लगने की घटनाओं को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करना है।

उपभोक्ताओं की शिकायतों के लिए कस्टमर केयर सेंटर :

बिजली संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए बीकेईएसएल ने पब्लिक पार्क में कस्टमर केयर सेंटर शुरू किया है। उपभोक्ता यहां सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक अपनी समस्याएं लेकर पहुंच सकते हैं।

कंपनी के अनुसार यदि किसी उपभोक्ता की समस्या का समाधान जूनियर अधिकारियों के स्तर पर नहीं हो पाता है, तो कस्टमर केयर सेंटर पर मौजूद उच्चाधिकारी मामले को तत्काल देखकर समाधान कराने का प्रयास करेंगे।

हर महीने शुक्रवार को जनसुनवाई :

बीकेईएसएल की ओर से उपभोक्ताओं की समस्याओं को सुनने के लिए हर महीने शुक्रवार को जनसुनवाई भी आयोजित की जाती है। कंपनी का कहना है कि विद्युत आपूर्ति को बेहतर बनाने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना भी प्राथमिकता है।

FROM AROUND THE WEB