बीकानेर में कैंसर उपचार को नई ताकत, पीबीएम में एचडीआर्थिक ब्रैकीथेरेपी शुरू
RNE Bikaner.
पीबीएम अस्पताल स्थित आचार्य तुलसी क्षेत्रीय कैंसर उपचार एवं अनुसंधान केंद्र में गुरुवार को अत्याधुनिक हाई-डोज रेट (HDR) ब्रैकीथेरेपी मशीन का उद्घाटन केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने किया। करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित इस मशीन से अब कैंसर मरीजों को अधिक सटीक, सुरक्षित और प्रभावी उपचार मिल सकेगा।
इस अवसर पर मेघवाल ने कहा कि बीकानेर तेजी से उत्तर-पश्चिम भारत के बड़े कैंसर उपचार केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने बताया कि नई तकनीक से मरीजों को कम समय में बेहतर इलाज उपलब्ध होगा और कई उपचार डे-केयर आधार पर भी किए जा सकेंगे।
विशेषज्ञों के अनुसार ब्रैकीथेरेपी तकनीक में रेडियोधर्मी स्रोत को सीधे ट्यूमर के भीतर या उसके आसपास स्थापित किया जाता है, जिससे कैंसरग्रस्त हिस्से पर अधिक प्रभाव पड़ता है और शरीर के स्वस्थ अंगों को कम नुकसान होता है।
नई HDR ब्रैकीथेरेपी यूनिट का उपयोग मुख्य रूप से सर्वाइकल कैंसर सहित स्त्री रोग संबंधी कैंसरों में किया जाएगा। इसके अलावा प्रोस्टेट, स्तन, सिर एवं गर्दन, स्किन, आहार नली और फेफड़ों के कैंसर के उपचार में भी यह मशीन उपयोगी साबित होगी।
संस्थान प्रशासन के अनुसार नई मशीन लगने से अब अधिक संख्या में मरीजों का उपचार संभव हो सकेगा। यह सुविधा खास तौर पर आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए राहतकारी मानी जा रही है, क्योंकि अब तक ऐसी तकनीक मुख्य रूप से निजी अस्पतालों में उपलब्ध थी।

