सेवा आश्रम में बच्चों ने दी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
RNE Bikaner
बीकानेर महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर चल रहे समाज कल्याण सप्ताह 2026 के तहत बुधवार को विमंदित पुनर्वास गृह सेवा आश्रम परिसर में समारोहपूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती मांडवी राजवी रहे। श्री पुनीत शर्मा एवं समाज सेवी श्री अनिल भाटी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सेवा आश्रम के बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने महात्मा गांधी के प्रिय भजन ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ की प्रस्तुति दी। मूक-बधिर बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य ने उपस्थितजनों को विशेष रूप से प्रभावित किया। वहीं सुनील ने ब्रेल लिपि के माध्यम से महात्मा गांधी की जीवनी के बारे में बताया।
मुख्य अतिथि श्रीमती मांडवी राजवी ने सेवा आश्रम द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की सहायता करना ही महात्मा गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि है।
विशिष्ट अतिथि श्री पुनीत शर्मा एवं श्री अनिल भाटी ने सेवा आश्रम को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। संस्था संचालक श्री भीष्म कौशिक ने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में डॉ. सारा एवं डॉ. संदीप ने सेवा आश्रम के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
इस अवसर पर नारी निकेतन से श्रीमती सुशीला, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के प्रशासनिक अधिकारी श्री विजय शंकर व्यास, श्री राजकुमार भाटी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

