CM Bhajanlal की घोषणा : बारिश से टूटी सड़कों के लिये नगरपालिका को 1 करोड़, नगर परिषद को 3 करोड़, नगर निगम को 10 करोड़ मिलेंगे
Rudra News Express Bikaner-ShriGanganagar.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मानसून के दौरान प्रदेश के नगरीय निकायों में बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और नालों की तत्काल मरम्मत के लिए विशेष राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ में आयोजित जनसभा के दौरान यह घोषणा की।
घोषणा के अनुसार नगरपालिका को 1 करोड़ रुपए, नगर परिषद को 3 करोड़ रुपए और नगर निगम को 10 करोड़ रुपए तक की राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इस राशि की स्वीकृति जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा दी जाएगी।
अनूपगढ़ किले का होगा जीर्णोद्धार :
मुख्यमंत्री ने अनूपगढ़ किले के जीर्णोद्धार की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने के लिए किले के विकास और जीर्णोद्धार पर काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अनूपगढ़ धान मंडी में आयोजित जनसभा के दौरान श्रीगंगानगर जिले में 389.29 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का बटन दबाकर शिलान्यास और लोकार्पण भी किया।
किसानों की मेहनत का जिक्र, ठगी करने वालों पर निशाना :
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ क्षेत्र के किसानों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि दोनों जिले तेजी से विकास कर रहे हैं और यहां के किसान मेहनत से खेती को आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने किसानों के नाम पर ठगी और बेईमानी करने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे लोगों को दूसरे के हक का पैसा खाने नहीं दिया जाएगा।
‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ बड़ी उपलब्धि :
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में ‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ के तहत होने वाले चुनावों को राज्य सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर सरकार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है।
विभाजन विभीषिका दिवस का किया उल्लेख :
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभाजन विभीषिका दिवस के विभिन्न पहलुओं का भी उल्लेख किया और विभाजन के दौरान विस्थापन एवं पीड़ा झेलने वाले लोगों को याद किया।
कार्यक्रम में केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल सहित जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

