CM Mundhra फाउंडेशन का दर्दमुक्ति सफर : 50 मरीज निशुल्क घुटना प्रत्यारोपण के लिए अहमदाबाद रवाना
Rudra News Express Bikaner.
भले ही आम आदमी को अपने पैरों पर चलना, टहलना, दौड़ना सामान्य बात लगे लेकिन उन लोगों के लिए यह सामान्य बात भी बड़ा सपना बन जाती है जो घुटनों के दर्द से जूझ रहे हैं। जब आर्थिक तंगी हो तो इस दर्द का अहसास चौगुना हो जाता है। ऐसे में अगर कोई निशुल्क और सम्मानजनक तरीके से दर्द राहत के लिए घटने प्रत्यारोपण तक का इंतजाम कर दें तो इसके लिए साधुवाद तो बनता ही है। कुछ ऐसा ही साधुवाद या "आशीष" बीती रात उन 50 परिवारों के सदस्यों की ओर से CM Mundhra फाउंडेशन के लिए निकली जिनके परिजन दर्द मुक्ति की यात्रा के लिए अहमदाबाद रवाना हुए। दरअसल फाउंडेशन की पहल पर बीकानेर के 50 मरीज निशुल्क घुटना प्रत्यारोपण के लिए अहमदाबाद रवाना हुए। नगर निगम महापौर अनिल कल्ला ने हरी झंडी दिखाकर मरीजों के दल को विदा किया।
इलाज, यात्रा, आवास, भोजन सभी निशुल्क :
फाउंडेशन की ओर से अहमदाबाद स्थित के.डी. अस्पताल में मरीजों का निशुल्क घुटना प्रत्यारोपण करवाया जाता है। खास बात यह है कि मरीज के साथ जाने वाले एक परिजन की यात्रा, रहने और भोजन की व्यवस्था भी निशुल्क की जाती है। इससे जरूरतमंद परिवारों को इलाज के खर्च के साथ दूसरी आर्थिक चिंताओं से भी राहत मिलती है। इस सेवा प्रकल्प के तहत अब तक168 मरीजों का एकल और डबल घुटना प्रत्यारोपण करवाया जा चुका है। नए 50 मरीजों के रवाना होने के साथ इस पहल से लाभान्वित होने वाले लोगों की संख्या और बढ़ेगी।
पचीसिया बोले-सेवा ही मकसद :
ट्रस्ट प्रतिनिधि द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने कहा कि जरूरतमंदों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाना और उन्हें दर्द से राहत दिलाने में सहयोग करना ही इस सेवा प्रकल्प का उद्देश्य है। वे कहते हैं, घुटनों की समस्या के कारण कई लोगों के लिए चलना-फिरना और रोजमर्रा के काम करना मुश्किल हो जाता है। महंगे उपचार के कारण अनेक जरूरतमंद इलाज टालते रहते हैं। फाउंडेशन का यह प्रयास ऐसे लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाकर बेहतर जीवन की उम्मीद दे रहा है।
महापौर अनिल कल्ला ने भी फाउंडेशन के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंदों के जीवन को बेहतर बनाने वाली ऐसी पहल समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और मानवता की भावना को मजबूत करती है। मरीजों की रवानगी के अवसर पर सुरेश पेडिवाल, पवन पचीसिया, संतोष आसोपा और फिजियो भवानी शंकर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

