RudraNewsExpress_Logo

Congress Bikaner के नेताओं की जयपुर में हाईकमान के साथ मीटिंग, टिकट का फार्मूला तय

 

 

Rudra News Express Jaipur-Bikaner.

राजस्थान में आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने टिकट वितरण की प्रक्रिया का खाका तैयार कर लिया है। अब पार्षद का चुनाव लड़ने के इच्छुक कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को बाकायदा टिकट के लिए आवेदन करना होगा। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ऑनलाइन पोर्टल के साथ ऑफलाइन आवेदन की व्यवस्था भी करेगी।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, जयपुर में मंगलवार को हुई बैठक में बीकानेर जिले के प्रभारी, जिलाध्यक्षों, विधायकों, पूर्व विधायकों और विधानसभा प्रत्याशियों के साथ निकाय चुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। 

बैठक में स्पष्ट किया गया कि टिकट के दावेदार ऑनलाइन पोर्टल के जरिए आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में निर्धारित प्रोफार्मा पर ऑफलाइन आवेदन भी जमा किए जा सकेंगे।

आवेदन से लेकर चयन तक क्या होगा ?

प्रदेश कांग्रेस कमेटी को ऑनलाइन प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों की सूची संबंधित जिला कांग्रेस कमेटी को भी भेजी जाएगी। इसके बाद स्थानीय स्तर पर दावेदारों की राजनीतिक सक्रियता, संगठन में भूमिका और क्षेत्र में पकड़ को लेकर फीडबैक जुटाया जाएगा।
यानी कांग्रेस में पार्षद का टिकट पाने की पहली सीढ़ी आवेदन होगी, लेकिन टिकट का फैसला वार्ड में पकड़ और चुनाव जिताने की क्षमता के आकलन के बाद होगा।

जिलाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि वे संबंधित विधानसभा क्षेत्र के विधायक या विधानसभा प्रत्याशी, स्थानीय नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से समन्वय करें। इसी फीडबैक के आधार पर संभावित उम्मीदवारों की ताकत और कमजोरियों का आकलन किया जाएगा।

टिकट के लिए सिर्फ आवेदन काफी नहीं :

कांग्रेस के लिए इस बार टिकट का आधार केवल दावेदारी या पार्टी में पद नहीं होगा। जमीनी पकड़, स्थानीय स्वीकार्यता और चुनाव जीतने की क्षमता को अहम माना जाएगा। पार्टी ऐसे चेहरों को प्राथमिकता देने की तैयारी में है, जो अपने वार्ड में सक्रिय हों और मतदाताओं के बीच मजबूत पकड़ रखते हों।

युवा और सक्रिय दावेदारों पर भी पार्टी का विशेष फोकस रहेगा। यानी टिकट की दौड़ में उतरने वाले नेताओं को अब यह साबित करना होगा कि वे संगठन के साथ-साथ अपने वार्ड में भी कितना प्रभाव रखते हैं।

बीकानेर में भी शुरू होगी कवायद :

बीकानेर जिले को लेकर हुई बैठक में स्थानीय चुनावी समीकरणों और संभावित दावेदारों पर भी चर्चा हुई। शहर और देहात कांग्रेस संगठन को स्थानीय नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय कर मजबूत दावेदारों की पहचान करने की जिम्मेदारी दी गई है।

बैठक में जिला प्रभारी शिमला नायक, जिला सह-प्रभारी मुश्ताक खान, शहर जिलाध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल, देहात जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग, नोखा विधायक सुशीला रामेश्वर डूडी, पूर्व मंत्री बीडी कल्ला, पूर्व मंत्री भंवरसिंह भाटी, श्रीडूंगरगढ़ के पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा, लूणकरनसर के पूर्व प्रत्याशी डॉ. राजेन्द्र मूण्ड, बीकानेर पूर्व के पूर्व प्रत्याशी यशपाल गहलोत और प्रदेश महासचिव जियाउर रहमान सहित कई नेता मौजूद रहे।

FROM AROUND THE WEB