कांग्रेस नेता कि कांग्रेस नेता की चुनाव आयोग को चिट्ठी : मेलों के बाद मतदान करवाएं, लोगों की आस्था का सवाल
Rudra News Express Bikaner.
राजस्थान में नगर निकाय चुनावों की तारीखों को लेकर अब धार्मिक आयोजनों का मुद्दा भी सामने आ गया है। जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं पार्टी के लंबे समय से निर्वाचन प्रतिनिधि रहे प्रहलादसिंह मार्शल ने नगर निकाय चुनाव की प्रस्तावित मतदान तिथियों का पुनः परीक्षण करने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में जिला कलेक्टर और राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त को पत्र भेजकर प्रमुख धार्मिक पर्वों, मेलों और पदयात्राओं के बाद मतदान कराने का आग्रह किया है।
मार्शल का कहना है कि अगस्त-सितम्बर के दौरान राजस्थान में बड़ी संख्या में धार्मिक मेले और आयोजन होते हैं। इन आयोजनों में राजस्थान ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्यों से भी हजारों-लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में यदि चुनाव की तारीखें इन्हीं आयोजनों के आसपास रहती हैं तो बड़ी संख्या में मतदाताओं के मतदान से दूर रहने की आशंका है।
रक्षाबंधन से जन्माष्टमी तक कई बड़े पर्व :
कांग्रेस नेता ने पत्र में श्रावण और भाद्रपद मास के दौरान होने वाले रक्षाबंधन, बारह वफात, सिंजारा (धमोली), श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी और संवत्सरी सहित प्रमुख धार्मिक एवं सामाजिक पर्वों का हवाला दिया है। उनका तर्क है कि इन अवसरों पर लोग धार्मिक यात्राओं और पारिवारिक कार्यक्रमों में व्यस्त रहते हैं। ऐसे में मतदान प्रतिशत प्रभावित हो सकता है।
पूनरासर, कोडाणा, रामदेवरा सहित मेलों की लंबी सूची :
मार्शल ने विशेष रूप से बीकानेर और आसपास के क्षेत्रों के प्रमुख धार्मिक मेलों का उल्लेख किया है। इनमें रामदेवरा मेला, कोडमदेसर भैरूनाथ जी मेला, सियाणा भैरूनाथ जी मेला, पुनरासर हनुमान जी मेला, सालासर बालाजी मेला, सरदारशहर इच्छापूर्ण बालाजी मेला, नागौर बुटाटी धाम, मेड़ता मीरा बाईसा मेला, जोधपुर हरिहर मंदिर मेला, ओसियां सच्चियाय माता मेला और बाड़मेर किराडू मंदिर मेला प्रमुख हैं। इसके अलावा सरदारशहर और सालासर अंजनी माता मंदिरों के आयोजनों तथा सूर्य मंदिर से जुड़े धार्मिक कार्यक्रमों का भी पत्र में उल्लेख किया गया है।
सिर्फ मतदाता नहीं, चुनावी अमला भी प्रभावित होगा :
मार्शल ने कहा कि चुनाव और बड़े धार्मिक आयोजनों की तारीखें एक-दूसरे के आसपास होने पर व्यावहारिक परेशानी केवल मतदाताओं तक सीमित नहीं रहेगी। चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों, पुलिस बल और कानून-व्यवस्था संभालने वाले प्रशासनिक अधिकारियों के सामने भी अतिरिक्त चुनौती पैदा हो सकती है। उन्होंने चूरू, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, नागौर, जोधपुर और बाड़मेर सहित अन्य जिलों में होने वाले बड़े धार्मिक आयोजनों का भी हवाला दिया है।
309 निकायों में दो चरणों में होंगे चुनाव :
गौरतलब है कि प्रदेश में नगरीय निकायों के आम चुनाव-2026 का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। प्रदेश के 309 नगरीय निकायों, जिनमें 10 नगर निगम, 47 नगर परिषद एवं 252 नगरपालिकाएं शामिल हैं, में चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे।
27 को लोक सूचना, 31 तक नामांकन :
सदस्य पदों के लिए लोक सूचना 27 अगस्त 2026 को जारी की जाएगी। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर 2026 को होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 3 सितंबर 2026 निर्धारित है तथा इस दिन अपराह्न 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। चुनाव चिन्हों का आवंटन 4 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
09 एवं 11 सितंबर को मतदान :
सदस्य पदों के लिए मतदान दो चरणों में होगा। प्रथम चरण का मतदान 9 सितंबर 2026 तथा द्वितीय चरण का मतदान 11 सितंबर 2026 को होगा। मतदान का समय प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। दोनों चरणों में हुए मतदान की मतगणना 14 सितंबर 2026 को की जाएगी।
21 सितंबर को चुने जाएंगे मेयर, सभापति, अध्यक्ष :
अध्यक्षीय पदों के लिए लोक सूचना 15 सितंबर 2026 को जारी की जाएगी। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 16 सितंबर 2026 होगी तथा नामांकन पत्रों की संवीक्षा 17 सितंबर 2026 को की जाएगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 18 सितंबर 2026 है और इस दिन अपराह्न 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। चुनाव चिन्हों का आवंटन 18 सितंबर 2026 को अभ्यर्थिता वापसी का समय समाप्त होने के तुरंत पश्चात किया जाएगा।
अध्यक्षीय पदों के लिए मतदान 21 सितंबर 2026 को होगा। मतदान का समय प्रातः 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक रहेगा। मतदान समाप्ति के तुरंत बाद 21 सितंबर 2026 को ही मतगणना की जाएगी।
22 सितंबर को डिप्टी मेयर, उपाध्यक्षों के चुनाव :
उपाध्यक्षीय पदों के लिए निर्वाचन 22 सितंबर 2026 को होगा। निर्वाचन प्रक्रिया के लिए बैठक प्रातः 10 बजे प्रारंभ होगी। नामांकन पत्र प्रातः 11 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे तथा नामांकन पत्रों की संवीक्षा प्रातः 11.30 बजे से होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने का समय अपराह्न 2 बजे तक रहेगा। यदि मतदान आवश्यक हुआ तो अपराह्न 2.30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा तथा मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी।

