PBM Hospital पर कांग्रेस का दबाव बढ़ा: आठवें दिन कलेक्टर से वार्ता, बड़े आंदोलन की चेतावनी
RNE Bikaner.
पीबीएम अस्पताल की अव्यवस्थाओं, कथित भ्रष्टाचार और प्रसूता महिलाओं से जुड़े गंभीर मामलों को लेकर कांग्रेस का “पीबीएम सुधारो जनआंदोलन” गुरुवार को आठवें दिन भी जारी रहा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में शामिल पीबीएम में मरीजों को मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल रही हैं, जबकि कई गंभीर मामलों के बावजूद प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रहा है।
धरना स्थल पर जुटे कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आठ दिन बीत जाने के बावजूद मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं होना प्रशासन की संवेदनहीनता को दर्शाता है।
कलेक्टर से मिले कांग्रेस नेता, रखीं प्रमुख मांगें :
धरने के बीच कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग और शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल के नेतृत्व में जिला कलेक्टर से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल में व्याप्त समस्याओं, मरीजों की परेशानियों और लंबे समय से चल रहे आंदोलन पर विस्तार से चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल ने साफ कहा कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा तथा जिला स्तर पर बड़ा जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।
पूर्व मंत्री भंवरसिंह भाटी, पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा, भूदान बोर्ड अध्यक्ष लक्ष्मण कड़वासरा, पीसीसी महासचिव गजेन्द्रसिंह सांखला, पूर्व यूआईटी चेयरमैन मकसूद अहमद, सेवादल प्रदेश उपाध्यक्ष कमल कल्ला, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष भंवर कूकणा, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता धरनास्थल से लेकर वार्ता तक में मौजूद रहे।

ये हैं कांग्रेस के प्रमुख मांगें :
- सीएम मूंधड़ा मेडिसिन विंग और जनाना (गायनिक) विंग जल्द शुरू किए जाएं।
- अस्पताल में हुए कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
- जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित हो।
- सीटी स्कैन, एमआरआई सहित जांच सेवाएं नियमित संचालित हों।
- बंद पड़े चिकित्सा उपकरण तत्काल चालू किए जाएं।
- डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित हो।
- प्रभावित प्रसूता महिलाओं को न्याय दिलाते हुए दोषियों पर कार्रवाई और 5 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए।
- मरीजों और परिजनों के साथ दुर्व्यवहार तथा मारपीट की घटनाओं पर रोक लगे।

