CS V Shrinivas Bikaner पहुंचे, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, सीएम भजनलाल भी बीकानेर आ रहे
शाह, भजनलाल के दौरे की तैयारियों का लेंगे जायजा, कानून व्यवस्था और बड़ी परियोजनाओं पर होगी चर्चा
RNE Bikaner.
राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सोमवार 25 मई 2026 को बीकानेर पहुंच रहे हैं। मुख्य सचिव बनने के बाद उनका यह पहला बीकानेर दौरा है। दौरे से पहले Rudra News Express से विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि “बीकानेर मेरी कर्मभूमि रहा है, यहां आने को लेकर मैं उत्साहित हूं।”
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास यहां केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित दो दिवसीय दौरे की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही जिले की कानून व्यवस्था, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और विकास योजनाओं की प्रगति का भी जायजा लिया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार इस दौरान पाकिस्तान की ओर बह रहे पानी को रोककर रेगिस्तानी जिलों में उपयोग के लिए चल रहे कार्यों की प्रगति पर विशेष चर्चा हो सकती है। वहीं बीकानेर शहर की लंबे समय से चली आ रही रेलवे क्रॉसिंग समस्या और उसके स्थायी समाधान की कार्ययोजना भी समीक्षा के केंद्र में रहने की संभावना है।
बीकानेर से रहा गहरा जुड़ाव:
वी. श्रीनिवास का बीकानेर से पुराना प्रशासनिक संबंध रहा है। अपने शुरुआती आईएएस कार्यकाल में वे 16 अगस्त 1993 से 24 अगस्त 1995 तक बीकानेर में इंदिरा गांधी नहर परियोजना (IGNP) और CAD में अतिरिक्त आयुक्त रहे। इस दौरान नहरों के सुधार, खालों की मरम्मत और पानी की छीजत रोकने जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य हुए थे।
प्रशासनिक सुधारों के लिए पहचान:
1989 बैच के राजस्थान कैडर के आईएएस अधिकारी वी. श्रीनिवास ने 17 नवंबर 2025 को राजस्थान के मुख्य सचिव का पद संभाला। इससे पहले वे 5 अक्टूबर 2017 से 4 दिसंबर 2018 तक राजस्व मंडल के अध्यक्ष रहे। उनके कार्यकाल में राजस्व मामलों के फैसलों की समीक्षा प्रणाली शुरू की गई। फैसलों की गुणवत्ता सुधारने, अधिकारियों को निर्णय लेखन का प्रशिक्षण देने और रिपोर्ट कार्ड प्रणाली लागू करने जैसी पहलें की गईं।
इन सुधारों का उद्देश्य वर्षों से लंबित जमीन विवादों का त्वरित निस्तारण और राजस्व मामलों में लंबी न्यायिक प्रक्रिया को कम करना था।
केंद्र सरकार में निभाई अहम जिम्मेदारियां:
वी. श्रीनिवास 5 दिसंबर 2018 से 14 नवंबर 2025 तक केंद्र सरकार में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहे। उन्होंने प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग तथा पेंशन एवं पेंशनर्स कल्याण विभाग में सचिव के रूप में कार्य किया। इससे पहले वे भारत सरकार में अतिरिक्त सचिव और विशेष सचिव भी रहे।
वे 2003 से 2006 तक अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) में भारत के कार्यकारी निदेशक के सलाहकार भी रहे।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बढ़ाया देश का गौरव:
वी. श्रीनिवास देश के पहले ऐसे अधिकारी हैं जिन्हें इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव साइंसेज (IIAS) का अध्यक्ष चुना गया। वे वर्ष 2025 से 2028 तक इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संस्था के प्रेसिडेंट के रूप में कार्य कर रहे हैं।

