Dengue Bikaner : बीकानेर में अलर्ट! घर-दुकान या फैक्ट्री में मच्छर का लार्वा मिला तो होगा चालान
Rudra News Bikaner.
मानसून के साथ डेंगू और मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ने पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने बीकानेर में "स्वास्थ्य दल आपके द्वार" अभियान शुरू कर दिया है। 27 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान में स्वास्थ्य विभाग की टीमें हाई रिस्क और डेंगू प्रभावित इलाकों में घर-घर जाकर सर्वे कर रही हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध के निर्देशन और डिप्टी सीएमएचओ (स्वास्थ्य) डॉ. लोकेश गुप्ता के नेतृत्व में अभियान के पहले दिन स्वास्थ्य दलों ने घरों में मच्छरों के लार्वा की जांच, प्रजनन स्थलों को नष्ट करने, एंटी लार्वा और एंटी एडल्ट गतिविधियां तथा लोगों को जागरूक करने का काम शुरू किया।
स्वास्थ्य विभाग ने इस बार सबसे पहले उन इलाकों को प्राथमिकता दी है, जहां पिछले साल डेंगू के मामले सामने आए थे। आशा, एएनएम, एलएचवी, पीएचएन, हेल्थ मैनेजर और सीएचओ की टीमें बुखार से पीड़ित लोगों की पहचान कर मलेरिया जांच के लिए ब्लड स्लाइड भी बना रही हैं, ताकि समय रहते इलाज शुरू किया जा सके।
अभियान के तहत नगर निगम, नगरपालिकाओं और पंचायती राज संस्थाओं के सहयोग से नालियों की सफाई, जलभराव वाले स्थानों पर कार्रवाई, एमएलओ का छिड़काव और शहरी क्षेत्रों में फॉगिंग भी कराई जाएगी। अभियान की ऑनलाइन मॉनिटरिंग मरुधरा ऐप के जरिए होगी।

स्वास्थ्य विभाग ने चेतावनी दी है कि जिन घरों या व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में मच्छरों का लार्वा मिलेगा, उनके खिलाफ नोटिस जारी कर चालान भी किया जाएगा।
विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सप्ताह में एक दिन "ड्राई डे" मनाएं, कूलर, पानी की टंकियों और अन्य जल संग्रहण स्थलों की नियमित सफाई करें तथा कहीं भी पानी जमा न होने दें, ताकि डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव किया जा सके।

