श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से किया पूजन, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना
RNE Bikaner

बीकानेर। नवरात्र के पावन अवसर पर बीकानेर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। माता रानी के भक्तों ने घरों में विधि-विधान के साथ कन्या पूजन कर मां दुर्गा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। इस दौरान छोटी-छोटी कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन किया गया।
श्रद्धालुओं ने कन्याओं के चरण पखारे, तिलक लगाया तथा चुनरी, प्रसाद और उपहार भेंट किए। इसके बाद कन्याओं को श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया और दक्षिणा देकर उनका आशीर्वाद लिया गया। सुबह से ही घरों में कन्या पूजन को लेकर उत्साह नजर आया।

नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक है कन्या पूजन
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, नवरात्र में कन्या पूजन का विशेष महत्व है। यह परंपरा मां दुर्गा के प्रति श्रद्धा, नारी शक्ति के सम्मान और सेवा-भाव का संदेश देती है। श्रद्धालुओं ने माता रानी से परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कन्या पूजन के साथ ही वातावरण भक्तिमय बना रहा।


