जिला कलक्टर ने ली जिला निष्पादन समिति की बैठक
RNE Bikaner
बीकानेर, जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निष्पादन समिति की बैठक आयोजित हुई।
इस दौरान जिला कलक्टर ने कहा कि जिले में शैक्षणिक गुणवत्ता एवं रैंकिंग में सुधार के लिए जिला एवं ब्लॉक शिक्षा अधिकारी समन्वित और सतत प्रयास करें।
जिला कलक्टर ने शिक्षा विभाग द्वारा स्थानीय स्तर पर किए गए नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि परीक्षाओं से पहले विद्यार्थियों को सैंपल पेपर के माध्यम से नियमित अभ्यास करवाया जाए। इससे विद्यार्थियों की परीक्षा की तैयारी बेहतर होने के साथ परीक्षा परिणामों में भी सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों में परीक्षा के प्रति आत्मविश्वास बढ़ेगा और परीक्षा का भय कम होगा। उन्होंने विद्यालयों में विद्यार्थियों का नामांकन बढ़ाने के लिए भी विशेष प्रयास करने पर जोर दिया। पूगल एवं खाजूवाला में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित होने पर संबंधित मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों की सराहना की तथा अन्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को भी इसी दिशा में प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित किया।
जिला कलक्टर ने उपखंड अधिकारी की अध्यक्षता में ब्लॉक स्तर पर जिला निष्पादन समिति की बैठक नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, मरम्मत, पेयजल एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा उनकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में निर्माण एवं मरम्मत कार्य, विद्यार्थियों की उपस्थिति, पेयजल, विद्युत कनेक्शन सहित अन्य आवश्यक कार्यों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध रूप से पूरा करवाएं जाए। साथ ही, पूर्ण हो चुके कार्यों की जानकारी संबंधित पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला कलेक्टर ने पिंक एवं ब्लू टैबलेट वितरण, पीएमश्री योजना, मिड-डे मील (पोषाहार), जन आधार प्रमाणीकरण, लाडो प्रोत्साहन योजना एवं छात्रवृत्ति योजनाओं की प्रगति और पात्र विद्यार्थियों को मिल रहे लाभ की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचाने तथा लंबित कार्यों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. रामगोपाल शर्मा, श्री किशन दान चरण एवं एडीपीसी श्री कृष्ण कुमार बिश्नोई सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

