DMFT Bikaner : 51.94 करोड़ में कोलायत, लूणकरणसर को सबसे ज्यादा, बीकानेर पूर्व- पश्चिम को कम
Rudra News Express Bikaner.
डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) योजना के तहत बीकानेर जिले की विधानसभा क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए करीब ₹51.94 करोड़ के विकास कार्यों को वित्तीय स्वीकृति मिली है। इनमें स्कूल भवन, कक्षा-कक्ष, आंगनबाड़ी, अस्पतालों में नई सुविधाएं, डायग्नोस्टिक मशीनें, पेयजल, चारदीवारी, पार्किंग और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य शामिल हैं।
DMFT की इस स्वीकृति में खास बात यह है कि कोलायत और लूणकरनसर को मिलाकर ही ₹45.54 करोड़ के कार्य प्रस्तावित हैं। यानी कुल स्वीकृत राशि का बड़ा हिस्सा इन दो विधानसभा क्षेत्रों में जाएगा। सबसे कम बजट बीकानेर पूर्व और पश्चिम को दिया गया है।
केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने इन स्वीकृतियों पर क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि DMFT योजना के तहत मिले ये कार्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूती देंगे और सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे।
किस विधानसभा को कितना बजट?
कोलायत : 32.35 करोड़
लूणकरनसर : 13.19 करोड़
खाजूवाला : 2.08 करोड़
डूंगरगढ़ : 1.50 करोड़
बीकानेर पूर्व + पश्चिम : 1.47 करोड़
नोखा : 1.35 करोड़
कोलायत में सबसे बड़ा हिस्सा- ₹32.35 करोड़
DMFT की इस सूची में कोलायत विधानसभा क्षेत्र को सबसे बड़ी राशि ₹32.35 करोड़ मिली है। इसमें स्कूलों के भवन/कक्षा-कक्ष निर्माण और अन्य आधारभूत सुविधाओं के काम शामिल हैं। इसके अलावा बज्जू खालसा सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्कूल, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कार्य प्रस्तावित हैं। कई कार्यों में महात्मा गांधी राजकीय विद्यालयों के भवन एवं अतिरिक्त कक्षों का निर्माण शामिल है।
लूणकरनसर में ₹13.19 करोड़ के काम :
लूणकरनसर को ₹13.19 करोड़ के विकास कार्य मिले हैं। यहां शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को खासा महत्व दिया गया है। कई सरकारी विद्यालयों में कक्षा-कक्ष एवं भवन निर्माण, स्वास्थ्य संस्थानों के लिए भवन/सुविधा विकास, अस्पताल से जुड़े कार्य और अन्य आधारभूत ढांचे के काम शामिल हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में भी कई कार्यों के लिए अलग-अलग राशि स्वीकृत की गई है।
खाजूवाला में ₹2.08 करोड़-पेयजल से स्कूल तक :
खाजूवाला विधानसभा में ₹2.08 करोड़ के काम स्वीकृत हैं। इनमें ट्यूबवेल/पेयजल से जुड़े कार्य, आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण, राजकीय विद्यालयों में कक्षा-कक्ष निर्माण, रामनगर क्षेत्र में स्कूल संबंधी कार्य, स्वास्थ्य संस्थानों में 800 MA Digital CR/DR System जैसे उपकरण, उप स्वास्थ्य केंद्रों की चारदीवारी, अन्य स्कूल एवं आधारभूत सुविधाओं के काम शामिल हैं।
श्रीडूंगरगढ़ में ₹1.50 करोड़ के विकास कार्य :
श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा में ₹1.50 करोड़ के कार्यों को मंजूरी दी गई है। इनमें श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में आंगनबाड़ी भवनों का पुनर्निर्माण, सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय के भवन का नव निर्माण तथा स्वास्थ्य केंद्रों में डेंटल मशीन उपलब्ध कराने जैसे कार्य शामिल हैं।
मोमासर और गुसाईंसर बड़ा जैसे क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के साथ लालासर उप स्वास्थ्य केंद्र की चारदीवारी का काम भी प्रस्तावित है।
बीकानेर पूर्व-पश्चिम में ₹1.47 करोड़ :
बीकानेर शहर की दोनों विधानसभा सीटों को मिलाकर ₹1.47 करोड़ के कार्य स्वीकृत हुए हैं। इनमें एसडीएम राजकीय जिला चिकित्सालय से संबंधित प्रमुख कार्य में स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के लिए लेबर रूम, प्री-डिलीवरी रूम, पोस्ट-डिलीवरी रूम, कॉटेज रूम, रेडियोलॉजी विभाग के लिए आवश्यक कक्ष, डार्क रूम, सिटी स्कैन रूम, कंसोल रूम एवं स्वागत कक्ष आदि के निर्माण के कार्य स्वीकृत हैं। इसके अलावा अस्पताल परिसर में मरीजों, परिजनों और स्टाफ के लिए पार्किंग एरिया के विकास पर ₹20 लाख खर्च किए जाएंगे।

