डॉ.सावित्री मदन डागा साहित्य सम्मान के लिए आवेदन आमंत्रित, जानिए, कौन, कब, कैसे कर सकता है आवेदन!
RNE Bikaner.
विख्यात कवि युगल डॉ. सावित्री डागा और डॉ. मदन डागा की स्मृति में प्रतिवर्ष प्रदान किए जाने वाले अखिल भारतीय साहित्य सम्मान के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस वर्ष भी यह सम्मान कविता विधा की प्रकाशित पुस्तक के लिए प्रदान किया जाएगा। इसके लिए भारतीय लेखकों, साहित्यकारों और पाठकों से प्रविष्टियाँ और संस्तुतियाँ आमंत्रित की गई हैं । प्रविष्टियाँ और संस्तुतियाँ निर्धारित प्रपत्र में 20 अगस्त 2025 तक भेजी जा सकती हैं।
गौरतलब है कि हिन्दी साहित्य में देश के जाने माने कवि - युगल डॉ. सावित्री डागा और डॉ. मदन डागा की स्मृति में प्रतिवर्ष एक अखिल भारतीय साहित्य सम्मान अर्पित किया जाता है। साहित्य सम्मान के अंतर्गत प्रशस्ति-पत्र और 51000/- रुपये की सम्मान राशि भेंट की जाती है।
ट्रस्ट की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि प्रथम डॉ॰ सावित्री मदन डागा साहित्य सम्मान 2023 में ख्यातनाम कवि श्री कृष्ण कल्पित को उनकी पुस्तक 'हिन्दनामा ' एक महादेश की गाथा के लिए प्रदान किया गया था। इस प्रतिष्ठित सम्मान के पहले वर्ष निर्णायक चिंतक विचारक श्री नंदकिशोर आचार्य, सुप्रसिद्ध कवि श्री अरुण कमल के साथ सुख्यात कवि गद्यकार गगन गिल रहीं।
2024 में द्वितीय डॉ सावित्री मदन डागा साहित्य सम्मान लोकप्रिय कवयित्री जोशना बैनर्जी की पुस्तक" अंबुधि में पसरा है आकाश "को प्रदान किया गया। द्वितीय सम्मान के लिए निर्णायक अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त आचार्य राधावल्लभ त्रिपाठी,आलोचक प्रो माधव हाड़ा के साथ प्रोफेसर रोहिणी अग्रवाल रहे हैं।
इस वर्ष भी यह सम्मान कविता विधा की प्रकाशित पुस्तक के लिए प्रदान किया जाएगा। संस्तुति और प्रविष्टि के लिए निर्धारित प्रपत्र एवं नियम फेसबुक पेज - https://www.facebook.com/savitrimadandaga/लिंक से लिए जा सकते हैं