Eid Mubarak : वाल्मीकि समाज ने पुष्प बरसाए, पूर्व मंत्री मुबारकबाद देने पहुंचे, शहर काजी ने नमाज अदा करवाई
RNE Bikaner.
ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर शहर की बड़ी ईदगाह में अकीदत और उल्लास के साथ नमाज़ अदा की गई। शहर काज़ी शाहनवाज हुसैन ने नमाज अदा करवाई और खुतबा पढ़ा, जबकि हाफिज फरमान अली ने दुआ करवाई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।
ईद के इस मौके पर बीकानेर की गंगा-जमुनी तहज़ीब की खूबसूरत झलक देखने को मिली। वाल्मीकि समाज ने ओमप्रकाश लोहिया के नेतृत्व में नमाजियो पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। हिंदू-मुस्लिम एकता का यह दृश्य सामाजिक सौहार्द का संदेश देता नजर आया।

कार्यक्रम में पूर्व काबीना मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला, गोविन्द राम मेघवाल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल, जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी।
इस दौरान ईदगाह कमेटी के अध्यक्ष हाजी मक़सूद अहमद, एडवोकेट अनवर अली, एडवोकेट मोहब्बत अली, वरिष्ठ नेता गुलाम मुस्तफा, बाबूभाई, स्माइल खिलजी, जाकिर नागौरी सहित कई गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
हाजी मक़सूद अहमद ने कहा कि ईद खुशियों का त्योहार है और इसकी असली भावना तब पूरी होती है, जब हम जरूरतमंदों की मदद कर उन्हें भी इस खुशी में शामिल करें। उन्होंने बताया कि रमज़ान के पवित्र महीने में रोज़े रखने के बाद ईद-उल-फितर मनाई जाती है और नमाज़ से पहले हर मुसलमान के लिए फितरा अदा करना आवश्यक होता है।

