Movie prime

 एकलव्य फाउंडेशन ने खिलाड़ियों का किया सम्मान, डॉ करणी सिंह खेल सम्मान समारोह का भव्य आयोजन

 

RNE Bikaner.

एकलव्य फाउंडेशन राजस्थान के तत्वावधान में बीकानेर के गौरव, देश के प्रथम अर्जुन अवार्डी एवं ओलंपियन डॉ. करणी सिंह की 102वीं जयंती के उपलक्ष्य में “डॉ. करणी सिंह खेल सम्मान समारोह” का सफलतापूर्वक आयोजन 21 अप्रैल 2026 को वेटेनरी कॉलेज ऑडिटोरियम, बीकानेर में संपन्न हुआ।

इस गरिमामय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आईपीएस मृदुल कछवाहा (जिला पुलिस अधीक्षक, बीकानेर) उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विभाग राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संगचालक टेकचन्द जी बरड़िया ने की, वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में अर्जुन अवॉर्डी मगन सिंह राजवी उपस्थित रहे।

एकलव्य फाउंडेशन के अध्यक्ष दानवीर सिंह भाटी ने बताया कि इस समारोह में बीकानेर जिले के विभिन्न मान्यता प्राप्त खेलों के खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर “डॉ. करणी सिंह स्पोर्ट्स एचीवमेंट अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया। साथ ही “डॉ. करणी सिंह लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड” से अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी एवं कोच बीरबल राम बिश्नोई तथा अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी एवं कोच स्वर्गीय विक्रम सिंह शेखावत (मरणोपरांत) को सम्मानित किया गया।

 भाटी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस समारोह में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों में शूटिंग की शिक्षा सारण, साइक्लिंग के लोकेश चौधरी एवं मनीष सारण, आर्चरी की प्रांजल ठोलिया, वेटलिफ्टिंग के केशव बिस्सा, ताइक्वांडो के रघुराज सिंह तथा पावरलिफ्टिंग की रुकसाना बानो को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं पैरा खिलाड़ियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय स्तर पर बॉक्सिंग के जयवर्धन सिंह बिडावत, फुटबॉल के यशवर्धन राजपुरोहित, क्रिकेट के आरुष, बास्केटबॉल के पवन पुनिया, सॉफ्टबॉल की एंजल बिश्नोई, बैडमिंटन की काव्या स्वामी, लॉन टेनिस की चेल्सी बोथरा, इक्वेस्ट्रियन के ओंकार सिंह, कबड्डी के सुमन कुकना, जिम्नास्टिक्स के कृष्णराज सिंह भाटी सहित अन्य खिलाड़ियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।

वहीं पैरा खिलाड़ियों में टेबल टेनिस के गजानंद शर्मा, पैरा एथलेटिक्स की गुड्डी, पैरा ताइक्वांडो के चंद्रकांता गहलोत तथा स्विमिंग के यशु स्वामी को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि सम्मानित खिलाड़ियों के साथ उनके माता-पिता एवं कोच भी मंच पर उपस्थित रहे, जिससे यह आयोजन भावनात्मक और प्रेरणादायक बन गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि मृदुल कछवाहा (पुलिस अधीक्षक, बीकानेर) ने अपने संबोधन में जिले में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान “ऑपरेशन नीलकंठ” की जानकारी देते हुए खिलाड़ियों एवं उपस्थित अभिभावकों से अपील की कि वे इस अभियान में पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें तथा अपने आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। उनके इस संदेश की उपस्थित जनों द्वारा सराहना की गई।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मरुभूमि क्षेत्र, विशेष रूप से बीकानेर की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा। वक्ताओं ने कहा कि यहां के खिलाड़ी भविष्य में ओलंपिक एवं विश्व स्तर पर पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

इस मौके पर जिला ओलम्पिक संघ के कोषाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़, क्रीड़ा भारती के अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह राठौड़, क्रीड़ा भारती के भैरुरतन ओझा, बैडमिंटन कोच हेमन्त मोदी, क्रिकेट कोच दिलकान्त माचरा, फुटबॉल कोच देवेन्द्र सिंह, बास्केटबॉल कोच दिलीप बिश्नोई, इंटरनेशनल पैरा खिलाड़ी देवेन्द्र गहलोत सहित अनेक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी व शहर की गणमान्य हस्तियाँ मौजूद रहीं।

अंत में एकलव्य फाउंडेशन के हेमन्त उज्जवल ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को नई दिशा देने और खेल संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

यह आयोजन बीकानेर में खेलों के विकास और युवाओं में आत्मविश्वास व नई ऊर्जा के संचार की दिशा में एक सफल और प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।

FROM AROUND THE WEB