सरपंचों के चुनाव 25 अक्टूबर से 16 नवंबर तक; मतदान के दिन ही आएंगे नतीजे | 41 जिलों में 4.03 करोड़ से अधिक मतदाता, महिलाओं को 50% आरक्षण
RNE Bikaner
जयपुर। राजस्थान में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 का बिगुल बज गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला परिषद, पंचायत समिति, सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। चुनाव चार चरणों में कराए जाएंगे। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान 23 अक्टूबर से शुरू होकर 14 नवंबर तक चलेगा। इनके परिणाम 20 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। वहीं, सरपंच और वार्ड पंचों के चुनाव 25 अक्टूबर से 16 नवंबर तक चार चरणों में होंगे। इन चुनावों की मतगणना मतदान के दिन ही कराई जाएगी और देर रात तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, प्रदेश की 41 जिला परिषदों और पंचायत समितियों के चुनाव एक साथ कराए जाएंगे। हालांकि, कोटा, श्रीगंगानगर, बारां और करौली जिलों में जिला प्रमुख एवं प्रधानों का कार्यकाल दिसंबर 2026 में पूरा होने के कारण वहां इन पदों के चुनाव बाद में होंगे। इन जिलों में भी जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगे।
जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव की तारीखें
चरण| मतदान की तारीख
पहला चरण| 23 अक्टूबर 2026
दूसरा चरण| 29 अक्टूबर 2026
तीसरा चरण| 4 नवंबर 2026
चौथा चरण| 14 नवंबर 2026
मतगणना एवं परिणाम| 20 नवंबर 2026
सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव का कार्यक्रम
चरण| मतदान की तारीख
पहला चरण| 25 अक्टूबर 2026
दूसरा चरण| 31 अक्टूबर 2026
तीसरा चरण| 6 नवंबर 2026
चौथा चरण| 16 नवंबर 2026
सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव में मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना होगी। आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, देर रात तक नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।
बैलेट पेपर से सरपंच, ईवीएम से जिला परिषद सदस्य का चुनाव
चुनाव में मतदान की प्रक्रिया पद के अनुसार अलग-अलग होगी। सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएंगे, जबकि पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के चुनाव ईवीएम के माध्यम से होंगे। पंचायतीराज संस्थाओं में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है।
4.03 करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे मतदान
राज्य निर्वाचन आयोग के दस्तावेज के अनुसार, प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव के लिए कुल 4,03,07,308 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 2,08,87,351 पुरुष और 1,94,19,789 महिला मतदाता हैं। इसके अतिरिक्त 168 अन्य मतदाता भी सूची में शामिल हैं।
मतदाताओं के लिहाज से जयपुर जिला सबसे आगे है। यहां 18.99 लाख से अधिक मतदाता हैं, जबकि जैसलमेर में लगभग 4.36 लाख मतदाता हैं। प्रदेश के सभी 41 जिलों में चुनाव प्रक्रिया पूरी कराने के लिए आयोग ने चरणबद्ध कार्यक्रम निर्धारित किया है।
नामांकन से मतगणना तक तय समय-सारणी
आयोग ने जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के साथ-साथ सरपंच एवं वार्ड पंचों के चुनाव के लिए नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी, चुनाव चिह्न आवंटन और मतदान की अलग-अलग समय-सारणी जारी की है। उम्मीदवारों को नामांकन से संबंधित तारीखों और प्रक्रिया की जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी तथा संबंधित निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त करनी होगी।

