पांच दिनों का टाउन हॉल में नाट्य समारोह, आज शाम 6.30 बजे शुरुआत
उद्घाटन अवसर पर डॉ चारण, पूर्व गृहमन्त्री वीरेंद्र बेनीवाल व बंगाल के राज्यमंत्री सपन दा रहेंगे मौजूद
RNE Special.
नाट्य कुंभ ' रंग - आनंद ' पांच दिवसीय नाट्य समारोह आज से टाउन हॉल में शाम 6.30 बजे आरम्भ होगा। दिवंगत रंगकर्मी और शायर आनंद वी आचार्य की स्मृति में संकल्प नाट्य समिति के इस आयोजन में हर दिन शाम को एक नाटक होगा।

आज पहले दिन मणि मधुकर लिखित व सुधेश व्यास निर्देशित नाटक ' दुलारी बाई ' से इस नाट्य कुंभ की शुरुआत होगी। यह नाटक अनुराग कला केंद्र की टीम मंचित करेगी।
डॉ अर्जुन देव चारण को समर्पित है समारोह:

आयोजन के समन्वयक वरिष्ठ रंगकर्मी प्रदीप भटनागर ने बताया कि यह समारोह इस बार एनएसडी के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष, साहित्यकार, रंगकर्मी, पंचम वेद नाट्य शास्त्र के टीकाकार डॉ अर्जुन देव चारण को समर्पित किया गया है।
उद्घाटन में रहेंगे बेनीवाल, सपन दा:

नाट्य कुंभ ' रंग आनंद ' के आयोजन से जुड़े वरिष्ठ रंगकर्मी बुलाकी भोजक ने बताया कि शायर, रंगकर्मी आनंद वी आचार्य की स्मृति में हो रहे इस नाट्य समारोह का आज शाम 6.30 बजे उद्घाटन होगा।

भोजक ने बताया कि उद्घाटन समारोह में राज्य के पूर्व गृह मंत्री वीरेंद्र बेनीवाल, पश्चिम बंगाल सरकार के दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री स्वपन वर्मन ' सपन दा ' , डॉ अर्जुन देव चारण व वरिष्ठ रंगकर्मी एस डी चौहान उपस्थित रहेंगे।

रंग आनंद अवार्ड कामेश सहल को:
संकल्प नाट्य समिति की तरफ से इस बार का रंग आनंद अवार्ड वरिष्ठ कला साधक, संगीतकार, रंगकर्मी कामेश्वर प्रसाद सहल को दिया जाएगा। सहल को यह अवार्ड 21 फरवरी को अर्पित किया जाएगा। उस आयोजन में अतिथि के रूप में पूर्व विधायक बिहारी लाल विश्नोई उपस्थित रहेंगे।

18 को कानून मंत्री आएंगे:
रंग आनंद नाट्य समारोह के दूसरे दिन 18 फरवरी को देश के कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल भागीदारी करेंगे। मेघवाल ने अपने सांसद कोटे से टाउन हॉल का नवीनीकरण भी कराया है। उसका अवलोकन भी करेंगे।

