RudraNewsExpress_Logo

राजस्थान में खाना खराब: 8.99 लाख किलो मिलावटी खाद्य पदार्थ जब्त, 2.77 लाख किलो नष्ट, 9.25 करोड़ का जुर्माना

 

 

 

 

 

 

 

Rudra News Express Jaipur.

राजस्थान में खाने की चीजों में मिलावट का कारोबार कितना बड़ा है, इसका अंदाजा सरकारी कार्रवाई के आंकड़ों से लगाया जा सकता है। जनवरी से सितंबर 2026 तक खाद्य सुरक्षा विभाग ने 8.99 लाख किलो से अधिक खाद्य पदार्थ जब्त किए हैं। इनमें से 2.77 लाख किलो से अधिक खाद्य पदार्थ नष्ट करवाए गए। मिलावट और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामलों में 9.25 करोड़ रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है।
 ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के अंतर्गत ये कार्रवाई की गई है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्तालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, सितंबर 2026 तक प्रदेशभर में 12,027 निरीक्षण किए गए और खाद्य पदार्थों के 12,064 नमूने लिए गए। वहीं, मिलावट और नियमों के उल्लंघन से जुड़े 2,892 मामलों में चालान प्रस्तुत किए गए।

दूध, घी, मिठाइयों में खूब मिलावट :

अभियान के तहत दूध, घी, खाद्य तेल, मसाले, आटा, बेसन, मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। त्योहारी सीजन में विशेष अभियान चलाकर खाद्य कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण और नमूनीकरण किया गया। विभाग का कहना है कि अभियान का उद्देश्य मिलावट पर रोक लगाने के साथ उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना है।

कथित एनर्जी ड्रिंक पर बड़ी कार्रवाई :

अभियान में विशेष रूप से एनर्जी ड्रिंक और स्पोर्ट्स ड्रिंक के नाम से बेचे जा रहे उत्पादों की जांच की गई। इस दौरान प्रदेश के 41 जिलों में सात लाख से अधिक कैन और 64,580 बोतलें जब्त की गई हैं।

47,878 लोगों को ट्रेनिंग:

खाद्य कारोबारियों और अन्य हितधारकों को खाद्य सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए फूड सेफ्टी ट्रेनिंग एंड सर्टिफिकेशन कार्यक्रम चलाया गया। इसके तहत प्रदेश में 47,878 लोगों को प्रशिक्षण दिया गया। इस उपलब्धि को लंदन के वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने मान्यता दी है।

435 स्कूलों को मिला ईट राइट स्कूल प्रमाणन :

बच्चों में स्वस्थ खानपान की आदत विकसित करने के लिए ‘ईट राइट स्कूल’ अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2025-26 में 100 स्कूलों को प्रमाणित करने का लक्ष्य था, लेकिन इसके मुकाबले 435 स्कूलों को प्रमाणित किया गया। इस दौरान 3,477 स्कूलों का पंजीकरण हुआ और सात लाख से अधिक विद्यार्थियों को खाद्य सुरक्षा, पोषण, स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य और गैर-संचारी रोगों के प्रति जागरूक किया गया।

34 मोबाइल फूड टेस्टिंग वाहन :

खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच और आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रदेश में 34 ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ मोबाइल वाहन संचालित किए जा रहे हैं। विभाग 16 अतिरिक्त मोबाइल फूड टेस्टिंग वाहन शुरू करने की दिशा में भी काम कर रहा है। जयपुर सहित विभिन्न जिलों की खाद्य परीक्षण प्रयोगशालाओं के माध्यम से नमूनों की जांच की जा रही है।

FROM AROUND THE WEB