Hanuman Jayanti: पूनरासर, बजरंग धोरा, बड़ा हनुमान जी, तेलीवाड़ा, मोहता चौक सहित हर जगह बाबा के जयकारे
RNE Bikaner.
"ध्वजाबंदधारी ने खम्मा, लाल लंगोटे वाले ने खम्मा, वीरों के वीर ने खम्मा..." सहित है ऐसे ही कई उद्घोष अलसुबह से देर रात तक बीकानेर में गूंजते रहे। हनुमान जयंती के अवसर पर शहर सहित आस पास के प्रत्येक हनुमान मंदिर में खास पूजन, भजन का दौर चला। मंदिरों में दर्शनार्थियों की कतारें लगी रहीं।

देशभर में श्रद्धा का खास केन्द्र बने पूनरासर धाम में बीती रात से आयोजन शुरू हो गए। यहां रात को चली भजन संध्या में न्यायाधीश बुलाकीदास व्यास, राजेन्द्र व्यास सहित कई कलाकारों ने भक्ति रचनाएं सुनाई। अलसुबह से मंदिर में पूजन, अभिषेक का दौर शुरू हो गया।
बीकानेर के बजरंगधोरा धाम में दिनभर भक्तों की कतार लगी रही। यहां बाबा की प्रतिमा की विशिष्ट अंगी की गई। चौपाइयां, हनुमान चालीसा के दोहे गूंजते रहे।
रतन बिहारी पार्क के बड़ा हनुमानजी मंदिर में संध्या आरती के समय भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। मोहता चौक, तेलीवाड़ा, लक्ष्मीनाथ जी परिसर के हनुमान मंदिरों में भी भक्तों का तांता लगा रहा।

