हरिराम जी मंदिर में गूंजा ‘हर-हर महादेव’, पिपलेश्वर महादेव की प्राण प्रतिष्ठा पर उमड़ा आस्था का सैलाब
RNE Bikaner.
पुरानी गिन्नाणी स्थित हरिराम जी मंदिर परिसर रविवार को भगवान शिव की भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर नजर आया। नवनिर्मित पिपलेश्वर महादेव मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर शिवमय हो उठा। आयोजन समिति एवं श्रद्धालुओं के सहयोग से आयोजित बहुदिवसीय धार्मिक महोत्सव में विधि-विधान से विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए।
महोत्सव का शुभारंभ 2 जुलाई को धान में निवास अनुष्ठान के साथ हुआ। इसके बाद 6 जुलाई से विधिवत पूजा-अर्चना प्रारंभ हुई। धार्मिक विधानों के क्रम में 9 जुलाई को जल में निवास, 10 जुलाई को फल एवं पुष्पों में निवास तथा 11 जुलाई को घी में निवास के अनुष्ठान संपन्न हुए। इसी दिन शाम 4 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साह और भक्ति भाव के साथ भाग लिया। रात्रि 9 बजे विधि-विधान से मूर्तियों का शयन करवाया गया।
महोत्सव के मुख्य दिवस 12 जुलाई को मंदिर के पुजारी पंडित पवन कुमार दाधीच (दाऊ महाराज) के सानिध्य में प्रातः 11:30 बजे मुख्य पूजा हुई। दोपहर 12:05 से 12:55 बजे तक शुभ अभिजीत मुहूर्त में पिपलेश्वर महादेव, नंदी सहित शिव परिवार, गणेशजी महाराज और सालासर बालाजी महाराज की मूर्तियों का मूर्ति पारण एवं विधिवत प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। इस दौरान वैदिक मंत्रों की पवित्र ध्वनि और भक्तों के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
प्राण प्रतिष्ठा के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। रात्रि 8 से 10 बजे तक महाप्रसादी एवं भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद रात्रि 10 बजे से विशाल भजन जागरण में भक्ति गीतों और भजनों की स्वर लहरियों पर श्रद्धालु देर रात तक भाव-विभोर रहे। पूरे आयोजन के दौरान हरिराम जी मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।

