Heat Wave Bikaner: सूरज आग बरसा रहा, भीषण गर्मी के बीच दोपहर दो बजे स्कूल से लौट रहे बच्चे!
गर्मी को देखते बीकानेर में स्कूल टाइम बदलने की मांग तेज
RNE Bikaner.
बीकानेर संभाग में गर्मी ने अप्रैल में ही विकराल रूप ले लिया है। दोपहर 2 बजे के आसपास बीकानेर, श्रीगंगानगर और चूरू में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। तेज धूप और लू जैसे हालात के बीच स्कूलों की छुट्टी दो से तीन बजे के बीच हो रही है, जिससे छोटे बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।

मौसम के ताजा आंकड़ों के अनुसार बीकानेर और श्रीगंगानगर में पारा 40.6°C, चूरू में 40°C, जबकि जोधपुर और जैसलमेर में भी तापमान 39°C के करीब दर्ज किया गया। हवा की रफ्तार कम और नमी भी बेहद कम होने से गर्मी का असर और तीखा महसूस हो रहा है।

इस बीच भाजपा नेता डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य ने जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर स्कूलों का समय तत्काल बदलने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दोपहर की भीषण गर्मी में बच्चों की छुट्टी करना उनके स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। ऐसे में सुबह के समय स्कूल संचालन या जल्द छुट्टी करना जरूरी है।
मौसम विभाग के संकेतों के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे हालात और गंभीर होने की आशंका है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की परिस्थितियों में लू और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अभिभावकों और शिक्षकों ने भी प्रशासन से स्कूल टाइम बदलने की मांग तेज कर दी है।

