Movie prime

साइकिलिंग, श्रमदान और जनभागीदारी का अनूठा संगम बना ‘Hour for Nation’ का स्वच्छता अभियान

 

RNE Network.

सामाजिक संगठन Hour for Nation द्वारा अपने नियमित साप्ताहिक स्वच्छता अभियान के अंतर्गत आज प्रातः 7 बजे वृद्धजन भ्रमण पथ से म्यूजियम सर्किल तक व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में टीम के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में नागरिकों, बच्चों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के दौरान लगभग एक ट्रैक्टर-ट्रॉली कचरा एकत्रित कर नगर निगम के डम्पिंग यार्ड भिजवाया गया।

आज का अभियान कई मायनों में विशेष रहा। स्वच्छता अभियान से पूर्व Hour for Nation के सदस्यों ने बीकानेर साइकिल क्लब एवं आईसीएआई बीकानेर शाखा के साथ फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत आयोजित रविवार साइकिल राइड में भी भाग लेकर “फिट इंडिया, स्वच्छ इंडिया” का संदेश दिया। इसके पश्चात सभी प्रतिभागी सीधे श्रमदान के लिए स्वच्छता अभियान में शामिल हुए।

अभियान में आईसीएआई बीकानेर शाखा के अध्यक्ष सीए मुकेश शर्मा, सीए अभय शर्मा, सीए सुमित नौलखा, सीए गौरव अग्रवाल सहित शाखा के अनेक चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं पदाधिकारियों ने भी श्रमदान किया। इससे समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता का प्रेरक उदाहरण देखने को मिला।

अभियान की एक विशेष बात यह रही कि सीजीएसटी विभाग के एक अधिकारी केवल सोशल मीडिया पर Hour for Nation की गतिविधियाँ देखकर प्रेरित हुए और पहली बार स्वयं इस अभियान में शामिल होकर श्रमदान किया। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से टीम के साथ जुड़ना चाहते थे। यह टीम की वर्षों की सतत सामाजिक यात्रा और जनविश्वास का प्रमाण है।

वर्ष 2016 से निरंतर कार्यरत Hour for Nation प्रत्येक रविवार बिना किसी आर्थिक सहयोग, बिना किसी राजनीतिक मंच और केवल जनभागीदारी के बल पर स्वच्छता एवं सामाजिक जागरूकता का अभियान चला रहा है। टीम का ध्येय वाक्य “शिकायत नहीं, सहयोग” आज भी हजारों नागरिकों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित कर रहा है।

आज के अभियान में सीए सुधीश शर्मा, सीए वसीम राजा, भवानी सिंह राजपुरोहित, बृजेन्द्र त्रिपाठी, डॉ. फ़ारूक़ अहमद, मनोज सोनी, दीपा सिंह, राजू ड्रेसर, इंदर सिंह, कपिला शर्मा, यशस्वी पराशर, वंदना शर्मा, सुरभि शर्मा, गुरमोहन सेठी, सुशील यादव, मोहम्मद हसन, गुरप्रीत सिंह, बसंत दास, देवकिशन तंवर, पुरुषोत्तम शर्मा, गजेन्द्र सरीन, राम हंस मीणा सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने श्रमदान किया।

अभियान के अंत में टीम ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की दैनिक जिम्मेदारी है। यदि समाज और प्रशासन मिलकर कार्य करें तो स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बीकानेर का सपना अवश्य साकार होगा।

FROM AROUND THE WEB