Movie prime

Ileegal Gypsum Mining in School : बज्जू के स्कूल कैंपस में 55 टन जिप्सम की खुदाई, 3.30 लाख रुपये की शास्ति और एफआईआर दर्ज

 

RNE Bikaner. 

बीकानेर जिले में अवैध खनन के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत खान विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सरकारी स्कूल परिसर में अवैध जिप्सम खनन का मामला पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान एक जेसीबी मशीन और एक डंपर जब्त किया गया।

खान विभाग को सूचना मिली थी कि बज्जू तहसील के तेजपुरा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में सरकारी भूमि से अवैध रूप से जिप्सम निकाला जा रहा है। सूचना पर पहुंची संयुक्त टीम ने मौके पर जांच की तो विद्यालय परिसर में खनिज जिप्सम की खुदाई कर उसे डंपर में भरते हुए पाया गया।

खनि अभियंता महेश प्रकाश पुरोहित ने बताया कि विद्यालय में शौचालय और पानी की टंकी निर्माण कार्य के दौरान खुदाई में निकले जिप्सम को नियमों के विपरीत डंपर में लोड किया जा रहा था। जांच में करीब 55 टन जिप्सम का अवैध खनन पाया गया।

कार्रवाई के समय मौके पर कोई व्यक्ति नहीं मिला, लेकिन अवैध खनन में प्रयुक्त एक जेसीबी मशीन और एक डंपर को जब्त कर लिया गया। मामले में कुल 3 लाख 30 हजार 400 रुपये की शास्ति आरोपित की गई है।

इस संबंध में खनिकार्यदेशक अनिरुद्ध सिंह भाटी ने बज्जू पुलिस थाने में अवैध खनन की एफआईआर दर्ज करवाई है। मामले की जांच जारी है।

कार्रवाई के दौरान बज्जू तहसीलदार मदन सिंह यादव, खनिकार्यदेशक अनिरुद्ध सिंह भाटी, पुलिस निरीक्षक जगदीश प्रसाद तथा बज्जू पुलिस का जाब्ता मौजूद रहा।

 

FROM AROUND THE WEB