Movie prime

बीकानेर में कांग्रेस की हुंकार, डोटासरा जूली की अगुवाई में होगा शक्ति प्रदर्शन, प्रशासन मुस्तैद 

पीबीएम में प्रसूताओं की मौत और बॉर्डर क्षेत्र में धार्मिक स्थलों को तोड़े जाने के विरोध में कलेक्ट्रेट पर होगा बड़ा प्रदर्शन
 
 


RNE Bikaner.

कांग्रेस मंगलवार को बीकानेर में बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन होगा। इसे सफल बनाने के लिए कांग्रेस नेताओं ने गांवों और शहर में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है तथा अधिकाधिक लोगों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की जा रही है।

कांग्रेस का आरोप है कि पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की मौतों के पीछे अव्यवस्थाएं और लापरवाही जिम्मेदार हैं। इसके साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में मस्जिदों और अन्य धार्मिक स्थलों को तोड़े जाने के विरोध को भी आंदोलन का प्रमुख मुद्दा बनाया गया है।

प्रदर्शन को लेकर सोमवार को विभिन्न स्थानों पर बैठकें आयोजित कर रणनीति बनाई गई। पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता गांव-गांव तथा शहर के वार्डों में पहुंचकर लोगों को आंदोलन से जोड़ने में जुटे हैं। कांग्रेस का दावा है कि कलेक्ट्रेट पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन जुटेंगे।

इस अभियान में देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला, पूर्व मंत्री भंवर सिंह भाटी, विधायक सुशीला रामेश्वर डूडी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल, राजेंद्र मूंड सहित कई वरिष्ठ नेता सक्रिय रूप से जनसंपर्क कर रहे हैं।

प्रशासन की ओर से भी प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

FROM AROUND THE WEB