दिन दहाड़े, भारी ट्रैफिक के बीच अचानक खोद डाली सड़क, लंबा जाम, लोग परेशान, आक्रोश बढ़ा
RNE Bikaner.
बीकानेर में BDA के ठेकेदार ने बुधवार को कुछ ऐसाअव्यावहारिक काम कर दिया जिसका खामियाजा हजारों लोगों को घंटों तक जाम में फंसकर भुगतना पड़ा। सैकड़ों कर्मचारी अटक गए। एंबुलेंस फंस गई। परिजनों के साथ मौजूद छोटे-छोटे बच्चे जाम में फंसे बिलबिलाने नजर आए।
विडियो देखने के लिए फोटो पर क्लिक करें :
यह घटना है बीकानेर के जैसलमेर रोड ओवरब्रिज की है। बुधवार को अचानक यहां चलते ट्रैफिक के बीच जेसीबी मशीन चालू हो गई। ROB के ठीक आगे कोठारी हॉस्पिटल की ओर देखते ही देखते सड़क खोदनी शुरू कर दी। ROB के ऊपर ट्रैफिक रुक गया और कुछ ही देर में पूरे पुल को पार करते हुई भुट्टा चौराहा तक लंबी वाहनों की कतार लग गई। कुछ देर लोगों ने इसे सामान्य जाम समझा लेकिन आगे जाकर जब दिन दहाड़े, बिना किसी आपदा के, ट्रैफिक रोककर सड़क खोदते देखा तो आक्रोशित हो गए।

एक ओर जहां जाम लंबा होता गया वहीं दूसरी ओर लोगों का गुस्सा बढ़ता गया। यहां मौजूद इकलौते ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने हालांकि मशक्कत कर पुल के किनारे कच्चे रास्ते से गाड़ियों को डायवर्ट करना शुरू किया। इसके बावजूद ट्रैफिक रेंगता हुआ ही नजर आया।
आक्रोशित लोगों ने जेसीबी ऑपरेटर को रोककर सड़क तोड़ने की वजह पूछी तो उसने बताया कि गली में से आ रहे एक नाले का मिलान करना है। हाईवे पर सड़क को क्रॉस कर नाला मिलान पर लोगों ने सवाल उठाया। इसके साथ ही दिन में चलते ट्रैफिक के बीच अचानक सड़क तोड़ देने पर भी आपत्ति जताई।


