RudraNewsExpress_Logo

ग्राम पंचायत नाल बड़ी में विकास कार्यों एवं अभिलेखों का निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
 

 

RNE Bikaner

बीकानेर, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे ने मंगलवार को ग्राम पंचायत नाल बड़ी का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत में करवाए गए विकास कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने ग्राम पंचायत क्षेत्र में गत वर्षों में लगाए गए पौधों का भी निरीक्षण किया। पौधों की अच्छी ग्रोथ एवं देखभाल देखकर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ लगाए गए पौधों का संरक्षण एवं नियमित देखभाल भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने इस वर्ष ग्राम पंचायत क्षेत्र में अधिक से अधिक पौधारोपण करवाने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत कार्यालय में उपलब्ध विभिन्न अभिलेखों एवं रिकॉर्ड का भी अवलोकन किया गया। श्रीमती पांडे ने रिकॉर्ड के संधारण एवं अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम विकास अधिकारी श्री राम निवास सिवाल को ग्राम पंचायत की निजी आय बढ़ाने की दिशा में प्रभावी प्रयास करने को कहा, ताकि पंचायत के पास उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए स्थानीय विकास कार्यों को गति दी जा सके।

उन्होंने विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ पात्र ग्रामीणों तक पहुंचाने के साथ कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

निरीक्षण के दौरान पंचायत समिति बीकानेर के सहायक अभियंता श्री अभिनव भादू, सहायक विकास अधिकारी श्री लालचंद परिहार, जिला परिषद के सहायक लेखाधिकारी श्री ओम प्रकाश तथा कनिष्ठ सहायक श्री ओम प्रकाश सहित अन्य संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे

FROM AROUND THE WEB