RudraNewsExpress_Logo

अधिकारिक पौधरोपण एवं पौधों की जीवितता सुनिश्चित करने के निर्देश
 

 

RNE Bikaner

बीकानेर,। हरियालो राजस्थान अभियान के अंतर्गत जिले में चल रहे पौधरोपण कार्य एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे तथा अपने-अपने विभागों की अभियान संबंधी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

पौधरोपण के साथ पौधों की देखभाल और जीवितता पर दें विशेष ध्यान

जिला कलेक्टर श्री जैन ने कहा कि सभी विभाग अपने आवंटित लक्ष्यों की तेज गति से पूर्ति करते हुए अधिकाधिक पौधरोपण करें तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ पौधों की नियमित देखभाल, संरक्षण एवं जीवितता सुनिश्चित करना भी आवश्यक है।

बैठक में जिला कलेक्टर ने हरियाळो राजस्थान अभियान की विभागवार प्रगति की विस्तृत समीक्षा की । अधिकारियों को शेष लक्ष्यों की पूर्ति के लिए निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप कार्य करने, आपसी समन्वय बनाए रखने तथा अभियान की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

इससे पूर्व उप वन संरक्षक श्री जी. वेंकटेश ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से आवंटित पौधरोपण लक्ष्यों के अनुरूप कार्य में तेजी लाने तथा वर्तमान मानसूनी वर्षा का अधिकतम लाभ उठाते हुए अधिकाधिक पौधरोपण सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जिले को आवंटित लगभग 43 लाख पौधरोपण के लक्ष्य को निर्धारित समयावधि में पूरा करने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ मिशन मोड में कार्य करना होगा।

विभागीय नर्सरियों के गुणवत्तापूर्ण पौधों का करें अधिकाधिक उपयोग

श्री वेंकटेश ने सभी संबंधित विभागों से वन विभाग की विभागीय नर्सरियों में रियायती दरों पर उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण पौधों का अधिकाधिक उपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विभागीय नर्सरियों में उपलब्ध पौध सामग्री का उपयोग कर अनावश्यक रूप से बाहर से महंगे पौधे क्रय करने से बचा जा सकता है।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा, जिला परिषद सीईओ श्रीमती शैलजा पांडे, नगर निगम आयुक्त  श्री सिद्धार्थ पलानीचामी, डीएफओ आईजीएनपी स्टेज-II श्री मदन सिंह चारण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

FROM AROUND THE WEB