जनरंजन : अर्जुनराम मेघवाल व सिद्धि कुमारी ने दिया कलाकारों का साथ, टाउन हॉल के किराये में कमी कर प्रशासन ने भी दिखाई दरियादिली,कलाकारों की एकजुटता की हुई हर स्तर पर कद्र, नागरी भंडार का सहयोग अतुलनीय
सत्ता और व्यवस्था के बारे में कहा जाता है कि वह अक्सर कठोर व जिद्दी होती है, मगर यह पूरा सच नहीं है। अनेक बार सत्ताएं व ब्यूरोक्रेसी ऐसे निर्णय करती है जो इस तरह की रिजिड धारणा को तोडती है। बशर्ते, बात सही हो, सबके हित की हो। सत्ता व ब्यूरोक्रेसी खासकर कलाओं के मामले में उदार होने में ज्यादा समय नहीं लेती। क्यूंकि कलाएं हर व्यक्ति के जीवन को समृद्ध करने की जरिया है, यह हर समझदार व्यक्ति जानता है। बीकानेर के माननीयों व अधिकारियों ने इस बार इसी तरह की संवेदनशीलता का परिचय दिया है।

मधु आचार्य ' आशावादी '
हे माननीयों ! इस बार आपने अपनी संवेदनशीलता दिखाकर बीकानेर के कला जगत को जो राहत दी है, उसने कई प्रचलित कठोर धारणाओं को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया है। उससे एक बात तो साबित हो गई कि कई नेताओं व अधिकारियों के मन के कोने में संस्कार, सहजता व संवेदनशीलता है, जिसका असर निर्णयों पर भी साफ दिखता है। लेकिन ब्यूरोक्रेसी को लेकर यह बात भी सही है कि कुछ अधिकारियों की जिद सभी को जिद्दी साबित कर देती है। उसी तरह कुछ के निर्णय जिद्द की जड़ता को तोड़ देते हैं। तब लगता है कि अधिकारी भी संवेदनशील होते हैं। इस बार माननीय और अधिकारी बीकानेर के कलाकारों के लिए संवेदनशील साबित हुए हैं। हालांकि कलाकारों को प्रयास करने पड़े, थोड़ा इंतजार भी करना पड़ा।

हुआ यूं कि बीकानेर के नाट्यकर्मियों, गायकों, संगीतकारों व नर्तकों के लिए प्रस्तुतियों के दो बड़े स्थान सरकार ने बना रखे हैं, एक टाउन हॉल व दूसरा रवींद्र रंगमंच। रवींद्र रंगमंच वैसे भी इन कलाकारों की पहुंच से बहुत दूर है। एक तो अत्यधिक किराया और दूसरा बड़ी दर्शक क्षमता। इस स्थिति में वर्षों से कलाकारों की पनाहगाह इकलौता टाउन हॉल है। किराया कम और भरने लायक दर्शक क्षमता।
टाउन हॉल में आज से नहीं आजादी के बाद से कला प्रदर्शन हो रहे हैं। समय समय पर माननीयों ने इसमें सुविधाएं भी बढ़ाई। स्व मक्खन जोशी और स्व भवानी शंकर शर्मा जब यूआईटी चेयरमैन थे तब कलाओं के लिए किराया कम किया और सुविधाएं बढ़ाई। हाल ही में सांसद व केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने भी सुविधाएं देने के लिए अपनी सांसद निधि से 15 लाख खर्च किये।
नगर विकास न्यास का विकास हुआ और वह बीकानेर विकास प्राधिकरण बन गया। बाकी बातें अपनी जगह, पर बड़ी मार कलाकारों पर पड़ी। प्राधिकरण ने टाउन हॉल का किराया बेतहाशा बढ़ा दिया, जबकि सुविधाएं सांसद ने उपलब्ध कराई थी। कलाकारों के लिए आयोजन करना मुश्किल हो गया। बीकानेर का नाटक व अन्य कलाएं पूरी तरह से अव्यावसायिक है, उनके लिए यह किराया देना संभव ही नहीं था। लिहाजा कला के आयोजन बन्द हो गए। हर बुद्धिजीवी बढ़े किराए से नाखुश था, क्योंकि कलाएं सरकार के लिए कमाई का साधन नहीं होती।

कलाकार जागे, एक हुए, प्रयास शुरू किए
जब प्राधिकरण ने अचानक से टाउन हॉल का किराया बढाकर 10, 000 किया तो कलाकारों पर जैसे वज्रपात हो गया। 1100 से 10, 000 किराया करना किसी भी दृष्टि से न्यायोचित तो नहीं था। इस किराया बढ़ोतरी ने कला, नाट्य आयोजनों पर बंदिश लगा दी। कलाकार छटपटाने लगे। अलग अलग संस्थाएं हैं, फिर भी एक जाजम पर आये।

सबने जन प्रतिनिधियों व प्रशासन तक कलाकारों का एतराज पहुंचाने का निर्णय लिया। रंगकर्मी अभिषेक आचार्य को समिति बनाकर उसका संयोजक बनाया गया। सभी युवा व वरिष्ठ रंगकर्मी उनके साथ खड़े हुए। इस तरह किराया वृद्धि ने सभी कलाकारों को एकजुट अवश्य कर दिया।
शुरू हुआ माननीयों से मिलने का सिलसिला
एक फॉर्मल समिति बनने के बाद अभिषेक आचार्य की अगुवाई में माननीयों और अधिकारियों से मिलने का सिलसिला आरम्भ हुआ और बढ़ा किराया वापस लेने की मांग रखी गयी। सबसे पहले रंगकर्मियों ने प्राधिकरण के अधिकारियों व जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर अपना पक्ष रखा। उसके बाद संभागीय आयुक्त से बात की। सबने कलाकारों की बात सुनी, सहमत भी दिखे।

जब सांसद व केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल बीकानेर आये तो अभिषेक आचार्य के नेतृत्त्व में कलाकार उनसे मिले। उन्होंने बात स्वीकारी और आश्वस्त किया कि किराया कम कराया जायेगा। अभिषेक ने लगातार उनसे संपर्क किया। दिल्ली भी फोन पर बात करते रहे। मेघवाल ने हस्तक्षेप किया तो जिला कलेक्टर ने किराया 10, 000 से घटाकर 5500 कर दिया। मगर यह किराया भी अधिक था।

कलाकार अभिषेक आचार्य के नेतृत्त्व में लगातार प्रयासरत रहे। कलाकारों ने बीकानेर पूर्व विधानसभा की विधायक सिद्धि कुमारी से मुलाकात की, उनको पूरी बात बताई। सिद्धि बाईसा ने तुरन्त जिला कलेक्टर को फोन लगाया और उनकी मांग का समर्थन जताया। कलाकारों को उनसे मिलने का समय दिलाया और दूसरे दिन कलाकार उनसे मिले। उनका रुख सकारात्मक था, लगा कि इस मुद्दे पर वे संवेदनशील है। उन्होंने कलाकारों को आश्वस्त किया कि किराया और कम किया जायेगा।

इसी प्रक्रिया में कलाकार लगातार कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के संपर्क में भी थे। उन्होंने भी जिला कलेक्टर को कहा कि किराया कम किया जाये। आखिरकार जिला कलेक्टर ने कला के प्रति संवेदनशील होते हुए किराया 2500 रुपये कर दिया। कलाकार खुश थे। कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, विधायक सिद्धि कुमारी और जिला कलेक्टर की संवेदनशीलता के प्रति कलाकारों ने इनसे मिलकर आभार भी जताया। एक बार फिर बीकानेर के कला, नाटक आयोजनों को अब गति मिलेगी।

नागरी भंडार का सहयोग अतुलनीय
किराया बढ़ने से नाट्य व कला गतिविधियां ठप्प हो गयी थी। इस कठिन समय में जुबली नागरी भंडार आगे आया। उसने अपना नरेंद्र सिंह ऑडिटोरियम इन आयोजनों के लिए उपलब्ध कराया। कुछ सुविधाएं भी दी। नागरी भंडार के व्यवस्थापक नंद किशोर सोलंकी ने नाट्य प्रदर्शनों के लिए ऑडिटोरियम प्राथमिकता से देना आरम्भ किया और खर्च भी कम लिया। रंगकर्मी इस सहयोग से अभिभूत थे।
यह कला जगत के प्रति संवेदनशीलता : आचार्य
कलाकारों की संघर्ष समिति के संयोजक अभिषेक आचार्य ने कहा कि सांसद व देश के कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, विधायक सिद्धि कुमारी व जिला कलेक्टर ने कला जगत के प्रति संदेनशीलता दिखाई है, जिसका सभी कलाकार स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि कला के साधन कभी भी आय का जरिया नहीं बनने चाहिए।
वरिष्ठ रंगकर्मी प्रदीप भटनागर ने कहा कि बीकानेर का थियेटर अव्यावसायिक है, इस वजह से यह किराया वृद्धि वज्रपात थी। मगर कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल व विधायक सिद्धि कुमारी की संवेदनशीलता व जिला कलेक्टर के सहयोग से कलाकारों को बड़ी राहत मिली है। इन सभी का आभार है।

