Jodhpur : बीकानेर के डॉ. ओझा ने शिलालेखों को पढ़कर मंडोर के प्रतिहार शासकों की वंशावली बताई!
Rudra News Express Jodhpur-Bikaner.
इतिहास को राज दरबारों के दस्तावेजों से ही नहीं समझा जा सकता वरन पत्थरों पर उकेरी गई लिपियों के आकार से भी यह पता लगाया जा सकता है कि यह किस वंश से जुड़ा है। किस काल का है। इतना ही नहीं उस काल और वंश की कई खूबियाँ-जानकारियां ये पत्थर दे सकते हैं।
कुछ ऐसा ही कहा जा सकता है बीकानेर के डॉक्टर जगदीश नारायण ओझा की ओर से जोधपुर की राष्ट्रीय संगोष्ठी में पढे गये शोध पत्र के बारे में। जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय एवं थार लोक संस्कृति अध्ययन केंद्र तथा अखिल भारतीय वंशावली संरक्षण एवं संवर्धन संस्थान, जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में हुई राष्ट्रीय संगोष्ठी में उन्होंने शोध पत्र पढ़ा।
'भारतीय वंशावली परंपरा, भारतीय ज्ञान प्रणाली के परिप्रेक्ष्य में अतीत, वर्तमान एवं भविष्य' इस संगोष्ठी का विषय था। इसमें डॉ. जगदीश नारायण ओझा ने 'मंडोर (प्रतिहार) शासकों की वंशावलियों से संबंधित शिलालेख' विषय पर अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया। उन्होंने मंडोर के प्रतिहार शासकों से संबंधित शिलालेखों, उनके कालक्रम तथा उनमें संरक्षित वंशावलियों को उजागर किया। ओझा ने खासतौर पर जोधपुर के घंटियाला शिलालेख सहित प्रतिहार शासकों की वंशावली से जुड़े विभिन्न शिलालेखों को आधार बनाया गया। इसमें शिलालेखों के चित्रों और ऐतिहासिक संदर्भों के साथ अपना अध्ययन रखा।
शोध सामग्री में घंटियाला गांव के शिलालेखों को प्रमुखता से स्थान दिया गया है। इसके अतिरिक्त खरखू देवल और माता की साल से संबंधित शिलालेखों के चित्र भी प्रस्तुत किए गए हैं। उन्होंने बताया कि शिलालेखों पर गोदे गए शब्द ही नहीं, बल्कि उनकी बनावट, प्रतीक, लिपि और स्थापत्य संदर्भ भी महत्वपूर्ण होते हैं। इसलिए ऐसे अभिलेखों का संरक्षण और दस्तावेजीकरणआवश्यक है।

