कार्तिक पूर्णिमा महास्नान आज कोलायत व पुष्कर में शुरू, कोलायत में लगा है भक्तों का मेला, कई भक्त गंगा की शरण में
RNE Bikaner.
भारतीय धर्म व्यवस्था में कार्तिक की पूर्णिमा का बहुत बड़ा महत्त्व है। इस दिन पवित्र सरोवरों में लोग स्नान करने को बड़े पुण्य का कार्य मानते है। दान पुण्य करने का सिलसिला भी कार्तिक पूर्णिमा पर जोर शोर से चलता है।

बीकानेर में पवित्र श्री कोलायत के कपिल सरोवर में तीन दिन से आस्था का सैलाब उमड़ा हुआ है। आज पूर्णिमा के दिन तो ब्रह्म मुहूर्त से ही लोगों ने कपिल सरोवर में डुबकी लगानी शुरू कर दी है। डुबकी लगाने के बाद भक्त सांख्य दर्शन के प्रणेता कपिल मुनि के दर्शन कर रहे है और अपनी क्षमता अनुसार तालाब के घाटों पर दान पुण्य भी कर रहे है। आज के स्नान के साथ ही कोलायत मेला सम्पन्न हो जायेगा।
अबेक श्रद्धालु आज कार्तिक पूर्णिमा के स्नान के लिए पुष्कर व हरिद्वार पहुंचे हुए है। आज पुष्कर में अंतरराष्ट्रीय मेला है जिसमें भक्त कार्तिक पूर्णिमा का महास्नान कर रहे है। पुष्कर में आज 2 लाख लोगों के डुबकी लगाने की संभावना है। वहीं हजारों श्रद्धालु आज हरिद्वार पहुंचे हुए है और वहां कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान कर रहे है।
आज से सर्दी की शुरुआत:
ऐसी लोक मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के स्नान के कारण आज कोलायत में कपिल सरोवर का पानी हिलता है और आज से बीकानेर में सर्दी की शुरुआत विधिवत हो जाती है। लोग गर्म कपड़े भी पहनने के लिए निकाल लेते है।

