Kotegate Railway Crossing : रविशेखर का दावा, मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के प्रयासों से बढ़ा बजट, प्रोजेक्ट को मिलेगी रफ्तार
RNE Bikaner.
बीकानेर शहर की सबसे बड़ी ट्रैफिक समस्याओं में शामिल कोटगेट-सांखला फाटक रेलवे क्रॉसिंग को लेकर बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से अटके पड़े रेलवे अंडर ब्रिज (RUB) प्रोजेक्ट के लिए अब राज्य सरकार ने 57 करोड़ रुपए का संशोधित बजट मंजूर कर दिया है। वित्त विभाग की इस स्वीकृति के बाद प्रोजेक्ट के टेंडर जल्द जारी होने की उम्मीद है।
भाजपा नेता रविशेखर मेघवाल ने इस मंजूरी का श्रेय केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को देते हुए कहा कि उनके लगातार प्रयासों के चलते ही यह प्रोजेक्ट आगे बढ़ पाया है। उन्होंने बताया कि बढ़ती लागत और देरी के चलते अब 57 करोड़ रुपए कर दी गई है।
यह राशि बजट वर्ष 2025-26 के तहत शहरी सड़क योजना मद में स्वीकृत की गई है। वित्त विभाग ने प्रोजेक्ट को निर्धारित नियमों और गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरा करने के निर्देश भी जारी किए हैं। साथ ही टेंडर प्रक्रिया को जल्द शुरू करने और निर्माण कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया गया है।
शहरवासियों के लिए यह प्रोजेक्ट बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि कोटगेट और सांखला फाटक पर अक्सर लगने वाले जाम से लोगों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। RUB बनने के बाद इस समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

