RudraNewsExpress_Logo

 लघु उद्योग भारती, बीकानेर इकाई ने बीकानेर के औद्योगिक क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने,  दो महत्वपूर्ण मांगें उठाई

 

RNE Bikaner

बीकानेर। लघु उद्योग भारती, बीकानेर इकाई ने बीकानेर के औद्योगिक क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने, औद्योगिक गतिविधियों के निर्बाध संचालन तथा श्रमिकों एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दो महत्वपूर्ण मांगें उठाई हैं। इस संबंध में रीको लिमिटेड, बीकानेर के शाखा प्रबंधक को पत्र देकर करणी औद्योगिक क्षेत्र एवं रामपुरा के मध्य रेलवे अंडरपास (RUB) तथा बीछवाल एवं करणी औद्योगिक क्षेत्रों के मध्य तिलम संघ रोड पर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।
1. करणी औद्योगिक क्षेत्र एवं रामपुरा के मध्य रेलवे अंडरपास (RUB) का निर्माण
करणी औद्योगिक क्षेत्र एवं रामपुरा के मध्य रेलवे चैनेज संख्या 3/3 से 3/2 पर रेलवे विभाग द्वारा पूर्व में दो बार सर्वे किया जा चुका है। यह मार्ग औद्योगिक क्षेत्र एवं आसपास की आबादी के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रमिक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, व्यापारी एवं आम नागरिक इस मार्ग का उपयोग करते हैं।
रेलवे लाइन पार करने के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है तथा पूर्व में भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए रेलवे अंडरपास का निर्माण आवश्यक है। लघु उद्योग भारती ने रीको प्रशासन से आग्रह किया है कि रेलवे विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर पूर्व में किए गए सर्वे के आधार पर निर्माण संबंधी प्रस्ताव एवं आवश्यक कार्रवाई को आगे बढ़ाया जाए।
2. बीछवाल एवं करणी औद्योगिक क्षेत्रों के मध्य तिलम संघ रोड पर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण
बीछवाल एवं करणी औद्योगिक क्षेत्रों को जोड़ने वाली तिलम संघ रोड पर रेलवे फाटक बार-बार बंद होने के कारण आवागमन बाधित होता है। इससे श्रमिकों एवं कर्मचारियों की आवाजाही, मालवाहक वाहनों के परिवहन तथा औद्योगिक इकाइयों की व्यापारिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसके परिणामस्वरूप समय एवं धन की हानि के साथ औद्योगिक उत्पादन और आपूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित होती है।
इसके अतिरिक्त, रात्रि के समय इस मार्ग पर सुरक्षा संबंधी समस्याओं एवं लूटपाट की घटनाओं की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। ऐसी परिस्थितियों में इस मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण औद्योगिक क्षेत्रों के बीच निर्बाध संपर्क, सुरक्षित आवागमन तथा बीकानेर के औद्योगिक विकास की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है।
इस संबंध में लघु उद्योग भारती ने रीको प्रशासन से रेलवे विभाग एवं संबंधित अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक और स्थल निरीक्षण करवाने, तकनीकी परीक्षण कराने तथा निर्माण प्रस्ताव एवं स्वीकृति की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने का अनुरोध किया है।
औद्योगिक विकास एवं जनसुरक्षा के लिए ठोस पहल आवश्यक
लघु उद्योग भारती, बीकानेर इकाई का कहना है कि उपरोक्त दोनों समस्याएं केवल आवागमन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनका सीधा संबंध औद्योगिक विकास, श्रमिकों की सुरक्षा, माल परिवहन की दक्षता और आमजन की सुविधा से है। इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से औद्योगिक इकाइयों को राहत मिलेगी तथा हजारों श्रमिकों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त हो सकेगी।
लघु उद्योग भारती के इकाई अध्यक्ष श्री राजेश गोयल और करनी इकाई अध्यक्ष श्री विनोद जी धानुका ने रीको प्रशासन से दोनों विषयों पर प्राथमिकता से संज्ञान लेते हुए रेलवे प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा समयबद्ध समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
लघु उद्योग भारती, जोधपुर प्रांत कार्यकारिणी सदस्य श्री हर्ष कंसल ने आश्वस्त किया है कि औद्योगिक हित एवं जनहित से जुड़े इन महत्वपूर्ण कार्यों को आगे बढ़ाने में वह रीको प्रशासन को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए तत्पर है। संगठन को उम्मीद है कि संबंधित अधिकारी इन विषयों की गंभीरता को समझते हुए सकारात्मक पहल करेंगे।

FROM AROUND THE WEB