RudraNewsExpress_Logo

लघु उद्योग भारती ने RIICO से की पहल, अभय कमांड सेंटर से जोड़ने का भी आग्रह
 

 

RNE Bikaner

बीकानेर। बीकानेर के बीछवाल, करणी नगर एवं रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों एवं असामाजिक तत्वों की आपराधिक गतिविधियों को लेकर लघु उद्योग भारती, बीकानेर इकाई ने चिंता व्यक्त की है।

इस संबंध में संगठन की ओर से RIICO के क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र लिखकर तीनों औद्योगिक क्षेत्रों में प्रमुख चौराहों, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा संवेदनशील स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाले नाइट विजन CCTV कैमरे स्थापित करवाने की मांग की गई है।

संगठन ने अपने पत्र में बताया कि रात्रि के समय औद्योगिक इकाइयों, प्रतिष्ठानों एवं गोदामों को विशेष रूप से निशाना बनाया जा रहा है। इससे उद्यमियों में असुरक्षा का वातावरण बन रहा है तथा औद्योगिक संपत्ति एवं व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।

लघु उद्योग भारती ने मांग की है कि स्थापित किए जाने वाले सभी CCTV कैमरों को बीकानेर पुलिस के अभय कमांड सेंटर से जोड़ा जाए, ताकि पूरे औद्योगिक क्षेत्र की सतत निगरानी हो सके और किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन तक पहुंचाई जा सके।

इसके साथ ही कैमरों के संचालन, रिकॉर्डिंग एवं नियमित रखरखाव की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया गया है।

संगठन का मानना है कि औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाना उद्यमियों के विश्वास एवं औद्योगिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। CCTV कैमरों की स्थापना एवं अभय कमांड सेंटर से कनेक्टिविटी चोरी एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष राजेश गोयल, जोधपुर प्रांत के हर्ष कंसल और करनी इकाई अध्यक्ष विनोद धानुका ने RIICO से इस विषय को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक बजट एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर शीघ्र कार्यवाही करने का आग्रह किया है। पत्र की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक, बीकानेर को भी आवश्यक सहयोग एवं कार्यवाही हेतु प्रेषित की गई है।

FROM AROUND THE WEB