RudraNewsExpress_Logo

व्याख्याता अमरदीप गोदारा की पहल लाई रंग, श्री नरेश भाटिया के सहयोग से भामाशाह ने विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध करवाई शैक्षिक सामग्री

 

RNE Bikaner
बीकानेर। शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सहभागिता और जनसहयोग की प्रेरक मिसाल प्रस्तुत करते हुए राजकीय गंगा बाल उच्च माध्यमिक विद्यालय में भामाशाह के सहयोग से कक्षा 1 से 8 तक के सभी 155 विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूल बैग एवं स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। इस पहल से विद्यार्थियों को शैक्षणिक आवश्यकताओं की पूर्ति में सहयोग मिला तथा विद्यालय परिवार में उत्साह का वातावरण बना।

इस पुनीत कार्य में भामाशाह प्रेरक एवं व्याख्याता राजनीति विज्ञान श्री अमरदीप गोदारा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने बताया कि विद्यालय के विद्यार्थियों की शैक्षिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए श्री नरेश भाटिया के सहयोग एवं समन्वय से भामाशाह से संपर्क किया गया तथा बच्चों के लिए स्कूल बैग एवं स्टेशनरी उपलब्ध करवाने का आग्रह किया गया। विद्यार्थियों की आवश्यकता को समझते हुए भामाशाह ने सहर्ष सहयोग प्रदान किया और सभी 155 विद्यार्थियों के लिए स्कूल बैग एवं स्टेशनरी सामग्री उपलब्ध करवाई।

p

श्री गोदारा ने कहा कि समाज के सक्षम एवं संवेदनशील व्यक्तियों को शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग के लिए प्रेरित करना समय की आवश्यकता है। जब समाज और विद्यालय मिलकर विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को पूरा करने का प्रयास करते हैं, तो इससे न केवल बच्चों को प्रत्यक्ष लाभ मिलता है, बल्कि शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण और सामुदायिक उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित होती है।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती उर्वशी शर्मा ने भामाशाह, श्री नरेश भाटिया एवं भामाशाह प्रेरक श्री अमरदीप गोदारा का विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षिक सामग्री उपलब्ध करवाना सराहनीय कार्य है। इस प्रकार के प्रयास विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति समाज की जिम्मेदारी को भी रेखांकित करते हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के उपप्राचार्य सहित समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने इस सहयोग को विद्यार्थियों के शैक्षिक हित में एक सराहनीय एवं अनुकरणीय पहल बताया।

FROM AROUND THE WEB