Movie prime

लूणकरणसर: दुकान आग का गोला बन गई लेकिन 03 घंटे फायरबिग्रेड नहीं आई, लाखों का नुकसान

 


RNE Bikaner.

एक गांव की दुकान में आग लगी। यह भीषण होती गई लेकिन मौके पर लगभग तीन घंटे तक दमकल नहीं पहुंच पाई। स्थानीय लोगों ने टैंकर और स्प्रे से आग बुझाने का प्रयास किया और काफी हद तक काबू भी पा लिया लेकिन तब तक लाखों का सामान जलकर खाक हो गया।

d

यह घटना लूणकरणसर तहसील के अरजनसर गांव की है जहां रविवार सुबह एक दुकान में आग लग गई। यह दुकान सरपंच सुमन गवारिया के पति पवन गवारिया की है। बाजार स्थित इस दुकान में आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई। आस-पास के लोग, राहगीर और दुकानदार मौके पर जुटने लगे।  स्थानीय नागरिकों ने अपने स्तर पर ही काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

d

मौके पर मौजूद लोगों का कहना है, आग अचानक भड़की और तेजी से फैलने लगी। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और किसान मौके पर पहुंचे। पानी के टैंकर और स्प्रे मशीनों (ढोल) के जरिए आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि दुकान की छत गिर गई और लपटें आसपास की दुकानों की ओर बढ़ने लगीं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस आगजनी में करीब 10 से 15 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। दुकान में रखा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

d

लोगों में इस बात का रोष है कि फायर ब्रिगेड करीब तीन घंटे की देरी से मौके पर पहुंची। इस घटना के बाद महाजन व आसपास के क्षेत्रों में फायर ब्रिगेड की कमी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि समय पर दमकल पहुंचती तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।

FROM AROUND THE WEB