Movie prime

Lunkaransar : मंत्री सुमित गोदारा की मैराथन जनसुनवाई, 09 घंटे में 250 से ज्यादा परिवाद सुने, सुलझाए

 

RNE Bikaner.


Rajasthan के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने सोमवार को अपने विधानसभा क्षेत्र लूणकरणसर में दिनभर मैराथन जनसुनवाई करते हुए आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक चली इस जनसुनवाई में करीब 250 परिवाद दर्ज किए गए।

जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों और शहरी नागरिकों ने पानी, बिजली, सड़क, अतिक्रमण हटाने, रास्ता खुलवाने, पेंशन शुरू करवाने और शिक्षण संस्थानों में सुविधाएं बढ़ाने जैसी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। मंत्री गोदारा ने कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण करवाया, जबकि अन्य प्रकरणों के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देशित किया।

उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार जनप्रतिनिधि और अधिकारी नियमित जनसुनवाई कर लोगों को राहत पहुंचाएं और सभी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करें।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पिछले ढाई वर्षों में लूणकरणसर क्षेत्र में व्यापक विकास कार्य कर रही है। सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है, गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी दी जा रही है और किसानों को कई क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली मिलनी शुरू हो गई है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 20 से अधिक जीएसएस स्वीकृत किए गए हैं और शिक्षा सुविधाओं में भी लगातार सुधार हो रहा है।

उन्होंने ‘शिक्षित लूणकरणसर, विकसित लूणकरणसर’ के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य कर अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

विकास कार्यों का लोकार्पण : 
 

जनसुनवाई के बाद मंत्री गोदारा ने गणगौर मैदान में मुख्य द्वार निर्माण, चारदीवारी ऊंची करने, मरम्मत एवं रंग-रोगन सहित 15 लाख रुपये के कार्यों का लोकार्पण किया। इसके अलावा पशु फाटक की चारदीवारी निर्माण (7.49 लाख रुपये) का भी लोकार्पण किया गया।

आज बम्बलू में देंगे सौगातें :
 

मंत्री सुमित गोदारा मंगलवार को बम्बलू में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। वे 46.50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पशु अस्पताल भवन का शिलान्यास करेंगे। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सीबीसी मशीन, चारदीवारी पर रेलिंग और पेंटिंग सहित अन्य कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे, जिससे ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

FROM AROUND THE WEB