रोहतक के मधुकांत को मिलेगा साहित्यश्री सम्मान, 27 को श्रीडूंगरगढ़ में जुटेंगे देशभर के साहित्यकार
Rudra News Express Bikaner.
राष्ट्रभाषा हिन्दी प्रचार समिति ने वर्ष 2026 के राष्ट्रीय सृजन पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। समिति का सर्वोच्च मलाराम माली स्मृति साहित्यश्री सम्मान रोहतक के वरिष्ठ साहित्यकार मधुकांत को उनके समग्र साहित्यिक अवदान के लिए प्रदान किया जाएगा। डॉ. नंदलाल महर्षि स्मृति हिन्दी सृजन पुरस्कार जयपुर के कथाकार-उपन्यासकार डॉ. सूरजसिंह नेगी को उनकी औपन्यासिक कृति ‘भावेश जो कह न सका’ के लिए दिया जाएगा। सभी पुरस्कार 27 सितम्बर को श्रीडूंगरगढ़ में आयोजित समारोह में प्रदान किए जाएंगे।
समिति अध्यक्ष श्याम महर्षि एवं उपाध्यक्ष डॉ. मदन सैनी ने बताया कि हिन्दी की विभिन्न विधाओं में श्रेष्ठ सृजन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष राष्ट्रीय स्तर पर ये पुरस्कार दिए जाते हैं। इस वर्ष देश के 12 से अधिक राज्यों से प्राप्त प्रविष्टियों एवं प्रस्तावों में से चयन समिति ने उत्कृष्ट कृतियों और रचनाकारों का चयन किया है।
इन साहित्यकारों को भी मिलेगा सम्मान :
समिति के मंत्री एवं पुरस्कार समिति संयोजक रवि पुरोहित ने बताया कि श्री शिवप्रसाद सिखवाल स्मृति महिला लेखन पुरस्कार उज्जैन की साहित्यकार मीरा जैन को उनके व्यंग्य संग्रह ‘हेल्थ हादसा’ के लिए दिया जाएगा।
श्यामसुन्दर नागला स्मृति बाल साहित्य पुरस्कार मड़वा नगर, उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ बाल साहित्यकार लाल देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव को उनकी बाल काव्य कृति ‘देश की मिट्टी है अनमोल’ के लिए प्रदान किया जाएगा।
सुरेश कंचन ओझा लेखन पुरस्कार किशनगढ़ के डॉ. सतीश कुमार को उनकी कृति ‘भारत में लोकतंत्र’ के लिए मिलेगा। यह पुरस्कार पं. गोविंद वल्लभ पंत पुरस्कार से सम्मानित लेखक सुरेश ओझा के सौजन्य से इतर साहित्यिक लेखन के क्षेत्र में दिया जाता है।
गत वर्ष शुरू किए गए श्री चन्द्रमोहन हाड़ा हिमकर स्मृति उपन्यास लेखन पुरस्कार के लिए गाजियाबाद के साहित्यकार अरविंद पथिक की कृति ‘असभ्यता का आक्रमण’ का चयन किया गया है।
साहित्यिक संगोष्ठी भी होगी :
आयोजन समन्वयक महावीर माली ने बताया कि पुरस्कार अर्पण समारोह के साथ साहित्यिक संगोष्ठी भी आयोजित की जाएगी। समिति के उपाध्यक्ष सत्यदीप के अनुसार संगोष्ठी में समकालीन साहित्य और समाज से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। कोषाध्यक्ष रामचन्द्र राठी ने बताया कि साहित्यश्री सम्मान के तहत 21 हजार रुपए नगद, जबकि अन्य पुरस्कारों में 11-11 हजार रुपए, सम्मान-पत्र, स्मृति-चिह्न एवं शॉल प्रदान किए जाएंगे। आयोजन सचिव महावीर सारस्वत ने बताया कि रामकिशन उपाध्याय स्मृति समाज सेवा सम्मान एवं शब्द शिल्पी सम्मानों की घोषणा भी शीघ्र की जाएगी।

