Movie prime

Mahavir Jayanti : 31 को विशाल शोभायात्रा, 50 से अधिक झांकियों में दिखेगा महावीर का जीवन दर्शन

 

RNE Bikaner.

जैन महासभा बीकानेर की ओर से भगवान महावीर के जन्मकल्याणक महोत्सव को इस वर्ष भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। रविवार को गंगाशहर रोड स्थित आदिनाथ मंदिर परिसर में कन्हैयालाल बोथरा की अध्यक्षता में आयोजित आम बैठक में त्रि-दिवसीय कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया। महोत्सव का मुख्य समारोह 31 मार्च को गोगागेट स्थित गौड़ी पार्श्वनाथ मंदिर प्रांगण में जैन साधु-साध्वियों के पावन सान्निध्य में आयोजित होगा।

जैन महासभा के महामंत्री जतनलाल संचेती ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत सेवा कार्यों के साथ होगी। प्रथम दिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए शहर के चिकित्सालयों, अनाथालयों और मूक-बधिर केंद्रों में फल वितरण किया जाएगा। इसके बाद 30 मार्च को रात्रि 8 बजे गौड़ी पार्श्वनाथ मंदिर परिसर में भव्य महावीर भक्ति संध्या आयोजित होगी। यह संध्या प्रख्यात भजन सम्राट मगनजी कोचर की स्मृति को समर्पित रहेगी।

महोत्सव का मुख्य आकर्षण 31 मार्च को निकलने वाली विशाल शोभायात्रा होगी। सुबह 7:30 बजे शहर के तीन स्थानों—गंगाशहर, रानीबाजार और दिगम्बर नसिया जी—से शोभायात्राएं रवाना होंगी। ये सभी यात्राएं बड़ा बाजार में एकत्रित होकर मुख्य समारोह स्थल गौड़ी पार्श्वनाथ मंदिर पहुंचेंगी, जहां सुबह 9:30 बजे धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा।

जैन महासभा के उपाध्यक्ष संजय सांड ने बताया कि इस वर्ष शोभायात्रा को विशेष रूप से भव्य बनाया जा रहा है। इसमें 50 से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल होंगी, जो भगवान महावीर के अहिंसा, अपरिग्रह और अनेकांतवाद जैसे महान जीवन मूल्यों को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेंगी।

महासभा के पूर्व अध्यक्ष लूणकरण छाजेड़ ने सकल जैन समाज की संस्थाओं, महिला मंडलों और युवा संगठनों से इन आयोजनों को उत्सव के रूप में मनाने की अपील की। महिला विंग अध्यक्षा प्रेम नौलखा सहित अनेक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बैठक में अपने विचार रखे।

कार्यक्रम के दौरान पार्श्वचंद्र सूरी गच्छ संस्था की ओर से जैन महासभा के अध्यक्षों और महामंत्रियों का अभिनंदन भी किया गया। अंत में अध्यक्ष कन्हैयालाल बोथरा ने सभी का आभार व्यक्त किया।

FROM AROUND THE WEB