Mayor Anil Kalla की जयपुर दौड़, बीकानेर के बजट पर रवि जैन से बड़ी मुलाकात
मेयर अनिल कल्ला ने स्वायत्त शासन सचिव रवि जैन से की मुलाकात, निगम की आर्थिक स्थिति और विकास बजट पर चर्चा
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर के नवनिर्वाचित महापौर अनिल कल्ला ने जयपुर में स्वायत्त शासन सचिव रवि जैन से मुलाकात की। शिष्टाचार मुलाकात के दौरान बीकानेर नगर निगम की आर्थिक स्थिति, विकास कार्यों और निगम से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान रवि जैन ने भरोसा दिलाया कि बीकानेर नगर निगम को राज्य सरकार की ओर से सहयोग में किसी प्रकार की कमी नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचित बोर्ड के गठन के बाद केंद्र और राज्य सरकार की ओर से जारी होने वाली वित्तीय सहायता शीघ्र जारी की जाएगी, ताकि निगम शहर में विकास कार्यों को गति दे सके।

मेयर बनने के बाद जयपुर में सक्रिय कल्ला :
महापौर का पद संभालने के बाद अनिल कल्ला इन दिनों जयपुर प्रवास पर हैं। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की है। नेताओं ने उन्हें महापौर बनने पर बधाई दी और जन अपेक्षाओं के अनुरूप काम करने की बात कही।
अकेले बीकानेर में कांग्रेस का मेयर :
बीकानेर नगर निगम के चुनाव में कांग्रेस ने 42 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया था और अनिल कल्ला महापौर निर्वाचित हुए। 80 सदस्यीय निगम में बहुमत का आंकड़ा 41 था। महापौर चुनाव में कल्ला को 50 वोट मिले। पदभार संभालने के बाद कल्ला ने भी शहर के विकास के लिए पर्याप्त बजट और निगम की आय के नए स्रोत विकसित करने की जरूरत पर जोर दिया था। स्वायत्त शासन विभाग के स्तर पर हुई यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब नए बोर्ड के सामने शहर की सफाई, सड़क, रोड लाइट, सीवरेज और नालियों सहित बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति देने की चुनौती है। कल्ला के लगातार जयपुर दौरे और वरिष्ठ नेताओं तथा अधिकारियों से मुलाकातों से यह संकेत है कि वे बीकानेर नगर निगम के लिए वित्तीय और प्रशासनिक सहयोग जुटाने पर जोर दे रहे हैं।

