RudraNewsExpress_Logo

MBM Jodhpur के पूर्व छात्रों का बीकानेर में मिलन, जसवंत खत्री बोले-राष्ट्र निर्माण में इंजीनियर्स की भूमिका अहम

बीकानेर : जसवंत खत्री की मौजूदगी में जोधपुर एमबीएम के पूर्व छात्र जुटे

 

Rudra News Express Bikaner. 

एमबीएम इंजीनियरिंग कॉलेज, जोधपुर के पूर्व विद्यार्थियों का एल्युमनाई मिलन समारोह शुक्रवार को स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित विद्या मंडपम ऑडिटोरियम में हुआ। समारोह में कॉलेज के विभिन्न बैचों के वरिष्ठ और युवा पूर्व विद्यार्थी जुटे और पुराने दिनों की यादें साझा करने के साथ इंजीनियरिंग क्षेत्र की बदलती भूमिका और समाज के प्रति जिम्मेदारियों पर मंथन किया।

कार्यक्रम में पीडब्ल्यूडी के सेवानिवृत्त चीफ इंजीनियर एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय कार्यवाह जसवंत खत्री मुख्य अतिथि रहे। बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय (BTU) के कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग ने समारोह की अध्यक्षता की। दिल्ली से आए बी.एल. मोहता विशिष्ट अतिथि रहे, जबकि नोएडा से पहुंचे एमबीएम एल्युमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष विपुल कोचर ने पूर्व विद्यार्थियों और अतिथियों का स्वागत किया। आयोजन की अगुवाई पीडब्ल्यूडी एक्सईएन सुभाष स्वामी और शुभम व्यास ने की।

तकनीकी विशेषज्ञ समाज को दे सकता है नई दिशा : 

मुख्य अतिथि जसवंत खत्री ने कहा कि राष्ट्र निर्माण और समाज उत्थान में इंजीनियर्स की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। तकनीकी विशेषज्ञ अपनी क्षमता और ज्ञान के माध्यम से समाज को नई दिशा देने में सक्षम होता है। उन्होंने इंजीनियरिंग शिक्षा को केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान का महत्वपूर्ण आधार बताया।

कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग और बी.एल. मोहता ने इंजीनियरिंग के बदलते परिदृश्य, तकनीकी नवाचार और पूर्व विद्यार्थियों के आपसी समन्वय की जरूरत पर विचार रखे।

बीकानेर में बनेगा एमबीएम एल्युमनाई का लोकल चैप्टर : 

एमबीएम एल्युमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष विपुल कोचर ने बीकानेर में एसोसिएशन का लोकल चैप्टर स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे बीकानेर और आसपास के क्षेत्र में कार्यरत एमबीएम के पूर्व इंजीनियर्स एक मंच पर आ सकेंगे और सामूहिक रूप से रचनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाया जा सकेगा। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाएं दे रहे पूर्व विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। समापन सत्र में सांस्कृतिक एवं संगीत संध्या हुई, जिसमें एल्युमनाई सदस्यों ने उत्साह से भाग लिया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और पूर्व विद्यार्थियों का आभार जताया।

FROM AROUND THE WEB