Monsoon Bikaner : पहली झमाझम, गर्मी से राहत, खुशियों में भीगा शहर
Rudra News Express Bikaner.
आखिरकार लंबे इंतजार के बाद बीकानेर में मानसून ने जोरदार दस्तक दे दी। बुधवार दोपहर हुई पहली झमाझम बारिश ने भीषण गर्मी और उमस से बेहाल शहरवासियों को बड़ी राहत दी। कई दिनों से 40 डिग्री के आसपास तापमान और उमस से परेशान लोगों के चेहरे बारिश की फुहारों के साथ खिल उठे।
बारिश शुरू होते ही शहर का माहौल बदल गया। बच्चे गलियों में निकल आए, युवा साइकिल चलाते हुए बारिश का आनंद लेने लगे, जबकि महिलाएं और बुजुर्ग भी छतों पर पहुंचकर बरसात का स्वागत करते दिखाई दिए। कई स्थानों पर लोगों ने पहली बारिश में जमकर सेल्फी और फोटोशूट किए।
धरणीधर मैदान बना आकर्षण का केंद्र :
धरणीधर महादेव मैदान की सीढ़ियों से झरने की तरह बहते पानी ने लोगों को खासा आकर्षित किया। देखते ही देखते वहां बच्चों, युवाओं और परिवारों की भीड़ जुट गई। लोग झरने के नीचे बैठकर बारिश का आनंद लेते रहे और लंबे समय बाद मिले इस प्राकृतिक सुकून को कैमरों में कैद करते नजर आए।
जलभराव भी हुआ, लेकिन फिलहाल शिकायत नहीं :
पहली तेज बारिश में शहर के कई निचले इलाकों और सड़कों पर पानी भर गया। हालांकि इस बार लोगों ने जलभराव की परेशानी की बजाय बारिश की राहत को ज्यादा महत्व दिया। भीषण गर्मी से मिली राहत के आगे छोटी-मोटी दिक्कतें लोगों के लिए मायने नहीं रखती थीं।
किसानों के लिए भी राहत की बारिश :
मानसून की इस बारिश ने किसानों के चेहरों पर भी मुस्कान ला दी है। खरीफ फसलों की बुवाई और खेतों में नमी के लिए इस बारिश को बेहद लाभकारी माना जा रहा है। मौसम विभाग ने भी पश्चिमी राजस्थान में अनेक स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा दर्ज होने तथा अगले दो-तीन दिनों तक रुक-रुक कर बारिश जारी रहने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान :
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो-तीन दिनों तक बीकानेर संभाग सहित पश्चिमी राजस्थान में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों को गर्मी से और राहत मिलने की उम्मीद है।
बीते 24 घंटों में ऐसा रहा मौसम :
मौसम विभाग के अनुसार, बीकानेर में जोरदार बारिश होने से पहले पिछले 24 घंटों के दौरान राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय रहा। राज्य के पूर्वी भाग में कई स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा हुई, जबकि पश्चिमी राजस्थान में भी अनेक स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई।
प्रदेश में कहां कितनी बारिश- पूर्वी राजस्थान :
सबसे अधिक वर्षा बांसवाड़ा जिले के जगपुर में 17 सेमी दर्ज की गई। इसके अलावा भीलवाड़ा के आसींद में 16 सेमी, अजमेर जिले के जवाजा और ब्यासर में 12-12 सेमी, प्रतापगढ़ के धरियावद तथा अजमेर के मसूदा में 10-10 सेमी, बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ के अरनोद में 9-10 सेमी बारिश हुई। झालावाड़ के अकलेरा में 8 सेमी, जबकि प्रतापगढ़, अजमेर, डूंगरपुर, भीलवाड़ा, राजसमंद, टोंक और उदयपुर सहित कई स्थानों पर 5 से 7 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
पश्चिमी राजस्थान :
पश्चिमी राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर में 11 सेमी वर्षा सबसे अधिक दर्ज हुई। इसके अलावा फलोदी (जोधपुर) में 8 सेमी, हनुमानगढ़ में 8 सेमी, फलोदी तहसील में 7 सेमी, संगरिया में 6 सेमी, सूरतगढ़, पीलीबंगा, शिव (बाड़मेर), रायपुर (पाली) और जोधपुर में 5-5 सेमी बारिश हुई। श्रीगंगानगर तहसील, पदमपुर, जैतारण, गंगानगर और अनूपगढ़ तहसील में 4-4 सेमी वर्षा दर्ज की गई।
प्रमुख मौसम की स्थिति :
पूर्वी राजस्थान में कई स्थानों पर मेघगर्जन के साथ मध्यम से भारी वर्षा हुई और 1-2 स्थानों पर अतिभारी वर्षा दर्ज की गई। पश्चिमी राजस्थान में भी अनेक स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हुई। बीकानेर संभाग में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया, जिससे गर्मी में राहत मिली।
बीकानेर में बुधवार की झमाझम बारिश से पहले ही प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसून अच्छी तरह सक्रिय हो चुका था। पूर्वी राजस्थान में बांसवाड़ा, भीलवाड़ा और अजमेर सबसे अधिक भीगे, जबकि पश्चिमी राजस्थान में सादुलशहर, फलोदी और हनुमानगढ़ में अच्छी बारिश दर्ज की गई।

