Movie prime

MSG :  माहेश्वरी समाज के सरकारी अधिकारियों की संगोष्ठी में सामाजिक विकास में कर्मचारियों की भूमिका पर मंथन

 

Rudra News Express Bikaner.

माहेश्वरी सरकारी कर्मचारियों की संस्था बीकानेर महेश शासकीय ग्रुप (MSG) की ओर से विश्वकर्मा गेट स्थित माहेश्वरी भवन में "सरकारी कर्मचारियों का सामाजिक विकास में योगदान" विषय पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक विकास, संगठन की भूमिका और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने में कर्मचारियों के योगदान पर विचार-विमर्श हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय माहेश्वरी शासकीय ग्रुप  के वरिष्ठ सदस्य हिमांशु तापड़िया ने कहा कि MSG Welfare Society देशभर में 700 से अधिक सदस्यों वाला संगठन बन चुका है, जो सेवा कार्यों और सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि विवाह योग्य माहेश्वरी युवक-युवतियों के लिए आने वाली सामाजिक समस्याओं के समाधान हेतु संस्था ने एक अलग प्रकोष्ठ का गठन किया है, जहां परिवार अपने बच्चों का पंजीयन करा सकेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व प्राचार्य, चिंतक एवं लेखक प्रो. डॉ. नरसिंह बिनानी ने कहा कि सामाजिक सहयोग और समन्वय किसी भी संस्था की सबसे बड़ी शक्ति है। एमएसजी जैसी संस्थाएं समाज में सहयोग की भावना को बढ़ावा देने के साथ सामाजिक एवं राष्ट्रीय एकता को भी मजबूत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि संस्था के सदस्य एक-दूसरे की समस्याओं के समाधान में सक्रिय सहयोग देकर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महेश की पूजा-अर्चना से हुआ। स्वागत भाषण दीपक बिनानी ने दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि हिमांशु तापड़िया का तिलक, पुष्पमालाओं, दुपट्टे और मोतियों की माला पहनाकर सार्वजनिक अभिनंदन किया गया। विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी उनका सम्मान किया।

कार्यक्रम के अंत में राजेश झंवर ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर किशन कोठारी, डॉ. राकेश बिनानी, आनंद राठी, खुशबू राठी, एकता बिनानी, सपना कोठारी, पूजा मूंधड़ा, दिनेश चांडक, रामकुमार मूंधड़ा सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

FROM AROUND THE WEB