नगर निगम मीटिंग: दीपावली से पहले सफाई, लापरवाही पर जुर्माना, 3,000 अस्थायी सफाईकर्मी, हर वार्ड में ल 100 नई लाइटें
Rudra News Express Bikaner.
बीकानेर नगर निगम के नए बोर्ड की पहली साधारण सभा में मेयर अनिल कल्ला सफाई व्यवस्था पर सख्त नजर आए। चरमराई सफाई व्यवस्था पर कंपनी और प्रशासन की पर सवाल उठाए। दीपावली से पहले शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए कंपनी पर जुर्माना लगाने, वैकल्पिक संसाधन जुटाने और अस्थायी सफाईकर्मियों की संख्या बढ़ाकर 3,000 करने का प्रस्ताव पारित किया।
नगर निगम हॉल में महापौर अनिल कल्ला की अध्यक्षता में आयोजित साधारण सभा की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई। हालांकि गान के साथ ही एकबारगी विवाद और हंगामा हो गया। भाजपा के वरिष्ठ पार्षद उम्मेदसिंह, श्यामसिंह आदि ने अधूरा गान होने का आरोप लगाया। वे डायस की तरफ पहुंच गए।
कांग्रेस पार्षद उनके सामने आ डटे। इस बीच मेयर अनिल कल्ला ने राज्य सरकार के परिपत्र का हवाला देते हुए कहा, सरकार के आदेश और नियमानुसार बिलकुल सही गायन हुआ है।
कल्ला बोले -मिलकर करेंगे विकास:
महापौर कल्ला ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों को राजनीतिक दलों की सीमाओं से ऊपर उठकर शहर के विकास के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने पार्षदों से अपने-अपने वार्डों की समस्याओं और विकास संबंधी सुझावों को सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ सदन में रखने का आह्वान किया।
सफाई कंपनी को जुर्माने की तैयारी :

मीटिंग में प्रमुख मुद्दा सफाई रहा। सदन में बताया गया कि नए बोर्ड के गठन से पहले प्रशासक के कार्यकाल में सफाई का टेंडर किया गया था। संबंधित फर्म को 2 अक्टूबर से निर्धारित शर्तों के अनुसार काम शुरू करना था। इसके तहत ट्रैक्टर, टिप्पर और ई-रिक्शा उपलब्ध कराने के साथ मांग के अनुरूप जेसीबी और डंपर की व्यवस्था भी करनी थी। फर्म निर्धारित संसाधन उपलब्ध नहीं करा पाई, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई।
इस पर अधिकांश पार्षदों ने एकमत होकर नाराजगी जताई। सदन ने निर्णय लिया कि दीपावली पर सफाई व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर फर्म को नोटिस जारी कर जुर्माना लगाया जाए। संसाधनों की कमी दूर करने के लिए फर्म को किराये पर वाहन एवं अन्य संसाधन जुटाकर व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए भी पाबंद किया जाएगा।
3,000 सफाईकर्मियों की जरूरत :
शहर की आबादी और क्षेत्रफल के मद्देनजर सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। वर्तमान में 1,000 अस्थायी सफाईकर्मियों के नियोजन का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया है। सदन ने बीकानेर की जरूरतों को देखते हुए इस संख्या को बढ़ाकर 3,000 करने का निर्णय लिया।
हर वार्ड में 100 रोड लाइटें :
शहर के प्रत्येक वार्ड में 100 नई रोड लाइटें लगाने का निर्णय लिया गया। लाइटों के साथ जरूरी उपकरण एवं अन्य सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी। पार्षदों की अनुशंसा पर चिह्नित स्थानों पर लाइटें लगाई जाएंगी।
सड़कों को सीवरेज कंपनी ने खोदा, वही गड्ढे भरेगी:
शहर की सड़कों पर गड्ढों को लेकर आक्रोश सामने आया। इस पर निर्णय हुआ कि
सीवरेज के लिए खोदी गई सड़कों और गड्ढों के लिए सीवरेज कंपनी जिम्मेदार है। ऐसे में ल सीवरेज कंपनी को गड्ढे भरने और क्षतिग्रस्त सड़कों का निर्माण करवाने के लिए पाबंद करने का निर्णय लिया। दीपावली से पहले मुख्य सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए एआरसी बजट से पेचवर्क करवाया जाएगा।

