RudraNewsExpress_Logo

निकाय चुनाव : दिग्गज नेता राजेंद्र राठौड़ की एंट्री से बीकानेर नगर निगम चुनाव हुआ रोचक, निर्दलीयों का भाजपा को समर्थन, 'सेव सोशल मीडिया पर हो रहा ट्रोल

 

 

 

 

 

 

बीकानेर नगर निगम के मेयर का चुनाव कल 21 सितम्बर को होना है। भाजपा के पास 80 में से केवल 27 पार्षद है, फिर भी उसने चुनाव को रोचक बना दिया है। एक तरफ जहां अधिकतर निर्दलीयों को भाजपा ने अपने पक्ष में किया है, वहीं कांग्रेस पार्षदों व उनके समर्थकों पर भी ताबड़तोड़ कार्यवाही हो रही है। आज मेयर चुनाव में दिग्गज भाजपा नेता राजेन्द्र राठौड़ की एंट्री हो सकती है।

 

मधु आचार्य 'आशावादी'

बीकानेर नगर निगम के मेयर के लिए कल मतदान व मतगणना का काम होगा। भाजपा के पार्षद तो बीकानेर में ही है मगर कांग्रेस के पार्षद आज बीकानेर पहुंच सकते हैं। नगर निगम के कुल 80 सदस्यों में से भाजपा के पास केवल 27 पार्षद है, मगर फिर भी मेयर उम्मीदवार सुरेंद्र सिंह शेखावत ने चुनाव को रोचक बना दिया है। शेखावत का दावा है कि उनको 8 निर्दलीय पार्षदों का भी समर्थन हासिल है।

 

दूसरी तरफ कांग्रेस के पास 42 पार्षदों का स्पष्ट बहुमत है, फिर भी उसे डिफेंसिव होना पड़ रहा है। अपने संख्या बल को बचाने में ही उसे पूरी शक्ति लगानी पड़ रही है, वह आक्रामक तो हो ही नहीं पा रही है। जबकि 42 पार्षदों के साथ उनका भी दावा है कि उनके साथ 3 निर्दलीय पार्षद भी हैं।
 

दोनों दलों की बड़ी चिंता इस बात की नहीं है कि उनको कितने निर्दलीय पार्षदों का समर्थन हासिल है, चिंता यह है कि उनके भीतर कहीं टूट होकर क्रॉस वोटिंग न हो जाये। यह चिंता कांग्रेस के साथ साथ भाजपा को भी है। क्योंकि कांग्रेस ने भी क्रॉस वोटिंग पक्ष में होने का तीर चला रखा है। भाजपा तो धड़ल्ले से यह बात कह भी रही है।

निर्दलीयों के वायरल फोटो से हलचल

भाजपा ने अपनी तरफ से कल एक फोटो बाड़ेबंदी से सोशल मीडिया पर वॉयरल किया जिसमें 8 निर्दलीय पार्षदों को दिखाया गया है और उनके सुरेंद्र सिंह शेखावत को समर्थन का दावा किया गया है। इस दावे को सच माना जाए तो भाजपा व उसके समर्थक पार्षदों की संख्या 35 हो जाती है। बहुमत के लिए उसके बाद भी भाजपा को 6 पार्षद और चाहिए। 


 

यदि शेष रहे 3 गैर कांग्रेसी पार्षद भी उनके पक्ष में आ जाये तो भी भाजपा को 3 कांग्रेस के पार्षदों के वोट चाहिए। भाजपा के रणनीतिकारों का कहना है कि क्रॉस वोटिंग से उनको यह समर्थन मिल जायेगा। हालांकि, कांग्रेस भाजपा के इस दावे को पूरी तरह से खारिज कर रही है। कांग्रेस के रणनीतिकारों ने रुद्रा न्यूज एक्सप्रेस से बात में दावा किया कि उनको भाजपा पार्षदों के भी वोट मिलेंगे। कितने और किनके, यह बताने से उन्होंने इंकार कर दिया।

कांग्रेस पार्षदों व समर्थकों पर ताबड़तोड़ कार्यवाही का आरोप

कांग्रेस ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह सरकार व प्रशासन का सहारा लेकर कांग्रेस पार्षदों व उनके समर्थकों पर जबरन कार्यवाही कर रही है, ताकि उनको डराया जा सके। पूर्व मंत्री डॉ बी डी कल्ला ने इस विषय में बयान भी दिया और चुनाव आयोग के नाम का जिला कलेक्टर को ज्ञापन भी दिया। पूर्व सीएम अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जुली व पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा ने भी इस तरह की कार्यवाही का विरोध अपने बयानों में किया है।

 

बीकानेर विकास प्राधिकरण ने कांग्रेस पार्षद मनोज विश्नोई की होटल के निर्माण को लेकर उनको नोटिस दिया है। पूर्व महापौर मकसूद अहमद को एक पुराने मामले में नोटिस देकर कोटगेट पुलिस ने तलब किया है। कांग्रेस पार्षद दिलीप बांठिया के एक आवासीय कॉलोनी के प्रोजेक्ट को लेकर उनको नोटिस मिला है। वहीं कांग्रेस समर्थक एक रसगुल्ला व्यवसायी के यहां भी खाद्य विभाग की कार्यवाही हुई है। इन सबको लेकर बीकानेर से जयपुर तक कांग्रेस नेताओं ने विरोध दर्ज कराया है।

राठौड़ की आज हो सकती है एंट्री

भाजपा के दिग्गज नेता व पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ की भी आज से बीकानेर नगर निगम चुनाव में एंट्री हो सकती है। भाजपा पार्षदों को एकजुट रखने व साथ आये निर्दलीय पार्षदों को बूस्ट करने में उनकी भूमिका रह सकती है। मगर यह भी कहा जा रहा है कि उनकी एंट्री से चुनाव एक नए रोचक दौर में प्रवेश करेगा।

'सेव' फिर हो रही ट्रोल

पार्षद चुनाव के समय वार्ड 44 के उम्मीदवार के चुनाव निशान सेव को लेकर कई गीत बने और वे सोशल मीडिया पर खूब पॉपुलर हुए। मेलों में भी वे गीत बजे। सेव निशान पर लड़ रहे निर्दलीय ने बड़े बड़े दावे किए और चुनाव जीत गए। अब वे भाजपा के खेमे में नजर आए तो जितनी तेजी से उनको लोगों ने सिर आंखों पर बिठाया था उससे दुगुनी तेजी से उनको अब ट्रोल करना भी शुरू कर दिया है।

यकायक सोशल मीडिया से उनके गीत गायब हो गए हैं और जबरदस्त तरीके से अलग अलग कार्टून बना उनको ट्रोल किया जा रहा है। सेव वाले और किसी भी दल के न बनने की बात कहने वाले इन निर्दलीय पार्षद महोदय को अब बारबार सोशल मीडिया पर आकर सफाई देनी पड़ रही है। उसके वीडियो जारी करने पड़ रहे हैं।

FROM AROUND THE WEB